देवास रोड पर मंगलवार शाम को एक बाइक पर आए दो बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली थी। पुलिस मामले में जेल से छूटे पुराने चेन स्नेचरों की कुंडली खंगाल रही है। इसके अलावा फुटेज के आधार पर देवास, इंदौर, धार के बदमाशों की डिटेल भी मंगा रही है। शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है।
बता दें कि मंगलवार शाम को महानंदा नगर निवासी आरती पत्नी शंकर परिचित युवती रवीना पुत्री निर्भयसिंह निवासी पिपलीनाका के साथ हामूखेड़ी टेकरी पर स्थित माता मंदिर में दर्शन करने गई थी। जहां से दोनों दोपहिया वाहन से वापस घर लौट रही थी।आरती दोपहिया वाहन पर पीछे बैठी थी और रवीना वाहन चला रही थी। हामूखेड़ी से निकलने के बाद जैसे ही दोनों देवास रोड पर पहुंची दोपहिया वाहन पर दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली थी। आरोपित देवास की ओर भाग निकले थे।
पुलिस को दोनों आरोपितों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज मिले हैं। आरोपित देवास अथवा इंदौर निवासी हो सकते है। पुलिस उज्जैन सहित आसपास के जिलों के पुराने चेन स्नेचरों की कुंडली खंगाल रही है। वहीं जेल से छूटे चेन स्नेचरों के बारे में भी जानकारी निकाली जा रही है। बदमाशों ने विक्रम नगर के समीप 14 अक्टूबर की रात को वैशाली चौहान उम्र 45 वर्ष निवासी शारदा होम्स के गले से भी सोने की चेन खींची थी।प्रमुख मार्गों पर बढ़ाई चेकिंगपुलिस ने चेन स्नेचिंग की वारदात के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी है। प्रत्येक वाहन चालक को रोककर जांच की जा रही है। खासतौर पर शाम के समय पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है।










































