सरकार को कम कीमत में मिल रहा शुद्ध पेट्रोल,70 रु ली का मिलाया जा रहा एथनाल

0

ई-20 पेट्रोल को लेकर आप का अभियान,आज होगी टाउन मीटिंग
पेट्रोल-डीजल की कीमतों और वाहनों में आ रही तकनीकी दिक्कतों को लेकर आप ने उठाए सवाल
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। देशभर में ई-20 पेट्रोल को लेकर आम आदमी पार्टी ने विशेष अभियान शुरू किया है। पार्टी का आरोप है कि पेट्रोल में एथेनॉल की अधिक मात्रा मिलाए जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों में इंजन संबंधी फाल्ट, स्टार्टिंग में दिक्कत और माइलेज कम होने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से 14 अगस्त को प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में ऑनलाइन टाउन मीटिंग आयोजित की जाएगी।आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष शिव जायसवाल ने बताया कि 1 अगस्त को आयोजित टाउन मीटिंग में देशभर के मैकेनिकों और वाहन निर्माताओं ने अपने विचार रखे थे। उनका कहना था कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल-डीजल के उपयोग से कुछ वाहनों में तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं और वाहनों का एवरेज भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की बैठक में प्रदेशभर के लोगों और मैकेनिकों से ऑनलाइन जुड़कर अपने अनुभव और सुझाव साझा करने की अपील की गई है।

प्रदेश की आम जनता से सहमति लेकर बनाएंगे अगली रणनीति
जिलाध्यक्ष श्री जायसवाल ने आरोप लगाया कि पेट्रोल की कीमत और उसमें मिलाए जा रहे एथेनॉल की लागत को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विदेश से आयात किए जाने वाले पेट्रोल की कीमत अपेक्षाकृत कम है, लेकिन विभिन्न टैक्स और एथेनॉल मिश्रण के बाद उपभोक्ताओं को काफी अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। पार्टी का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ रहा है, जिसके कारण अन्य वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ रही हैं।

अमेरिका के साथ किए समझौते में फंसकर मिलाया जा रहा एथनॉल
उन्होंने अमेरिका के साथ भारत के समझौते को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इसके दबाव में एथेनॉल की खरीद बढ़ाई जा रही है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री के बेटे को कथित तौर पर लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है।आप जिला अध्यक्ष ने कहा कि एथेनॉल के मुद्दे पर प्रदेश और देशभर में अभियान चलाया जा रहा है। 14 अगस्त की ऑनलाइन टाउन मीटिंग में वाहन मालिकों, मैकेनिकों और आम नागरिकों के अनुभवों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। पार्टी ने अधिक से अधिक लोगों से बैठक में शामिल होकर अपनी बात रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here