मेरा विश्वास करें, सोमेंद्र कांकराने को पकड़कर आपके सामने खड़ा करूंगा, एसपी आदित्य मिश्रा का बड़ा ऐलान

0

जिले के चर्चित डबल मनी मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने मंगलवार को कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब पुलिस की प्राथमिकता इस मामले के मुख्य आरोपी सोमेंद्र कांकराने की गिरफ्तारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। एसपी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जिले में अब नक्सल संबंधी गतिविधियां खत्म हो गयी हैं, इसलिए पुलिस पूरी ताकत के साथ डबल मनी मामले की जांच और मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी रही है। प्रेस वार्ता के दौरान एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा कि जिले में बार-बार एक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां कुछ लोग भोले-भाले नागरिकों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर उनकी जीवनभर की कमाई हड़प रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डबल मनी जैसी कोई योजना वास्तविक नहीं होती। कोई भी व्यक्ति या संस्था आपके पैसे रातों-रात दोगुने नहीं कर सकती। यह केवल लोगों को ठगने का तरीका है।

एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा कि पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है, इसके बावजूद कुछ लोग लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई ऐसे लोगों के हवाले कर देते हैं। बाद में जब ठगी का पता चलता है तो उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति या संस्था के झांसे में आने से पहले उसकी पूरी जानकारी लें और बिना जांच-पड़ताल के कहीं भी निवेश न करें। एसपी ने कहा कि किरनापुर क्षेत्र में सामने आए डबल मनी प्रकरण के बाद भी कुछ लोग ऐसी योजनाओं पर भरोसा कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है और ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्य आरोपी सोमेंद्र कांकराने की गिरफ्तारी इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आएगा, तब तक निवेशकों की राशि वापस दिलाने की कानूनी प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ पाएगी। इसलिए पुलिस की पहली प्राथमिकता उसे गिरफ्तार करना है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसपी आदित्य मिश्रा ने विश्वास दिलाते हुए कहा, आप मेरा विश्वास करें, मैं सोमेंद्र कांकराने को गिरफ्तार कर आपके सामने लाकर खड़ा करूंगा। उनका यह बयान पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। अब निवेशकों और आम नागरिकों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर डबल मनी घोटाले का मुख्य आरोपी कब तक कानून के शिकंजे में आता है और पीड़ितों को न्याय मिलने की प्रक्रिया कब शुरू होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here