युवा दिवस पर हुआ भव्य सूर्य नमस्कार

0

युवाओं के प्रेरणास्त्रोत और आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर गुरुवार को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। इस मौके पर बालाघाट के उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया, जहां विधायक और मप्र अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन के साथ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। सभी ने स्कूली बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार किया।

सुबह उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण में सामूहिक सूर्य नमस्कार को लेकर सभी लोग एकजुट हुए, जहां प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सभी ने सूर्य नमस्कार किया और सेहतमंद रहने के लिए योग का महत्व समझा। इस योग कार्यक्रम में विधायक बिसेन का अलग ही रंग देखने को मिला। अक्सर अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले विधायक बिसेन सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में मजाकिया अंदाज में दिखे। उन्होंने सबको चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए योग की अहमियत समझाई। इस दौरान मंच से उन्होंने सबको जोर-जोर से ठहाके लगाने कहा। योग कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, अपर कलेक्टर शिवगोविंद मरकाम, भाजपा नगर अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर सहित अन्य बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के दौरान विधायक बिसेन ने स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर शहर के अलग-अलग स्कूलों में सूर्य नमस्कार के आयोजन को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगली बार उत्कृष्ट विद्यालय, नगर पालिका स्कूल, एमएलबी, बूढ़ी, भटेरा सहित सभी स्कूलों का सूर्य नमस्कार कार्यक्रम एक साथ होगा और जागपुर घाट वैनगंगा नदी के किनारे होगा। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में लगे एक केस जीतने और लोकायुक्त द्वारा मुकदमा खारिज करने की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद कंकर मुंजारे और विधायक किशोर समरीते मुर्दाबाद के नारे लगाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here