वोट चोरी’ से जीता गया था 2023 मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव, असंभव था कमल नाथ का हारना: चुनाव आयोग पर भड़के नकुल नाथ

0

Kamal Nath Vote Chori: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुल नाथ ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश का 2023 का विधानसभा चुनाव ‘वोट चोरी’ के जरिए जीता गया था। उन्होंने राहुल गांधी की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि 2018 के मुकाबले 2023 में मतदाता सूची से फर्जी नाम हटाने की प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुए।छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता नकुल नाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो साझा करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि 2023 का मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव ‘वोट चोरी’ के दम पर जीता गया था और कमलनाथ का वह चुनाव हारना असंभव था।

2018 और 2023 की मतदाता सूची की तुलना

नकुल नाथ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में साल 2018 की मतदाता सूची का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान कांग्रेस की शिकायतों के बाद मध्य प्रदेश की वोटर लिस्ट से करीब 24 लाख फर्जी नाम हटाए गए थे। उपलब्ध आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार भी 2018 में पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित और दोहराव वाली करीब 24 लाख प्रविष्टियों को हटाया गया था।कांग्रेस का आरोप है कि 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भी इसी तरह की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन कथित फर्जी मतदाताओं के नाम उस स्तर पर नहीं हटाए गए, जिससे चुनाव परिणामों पर असर पड़ा। नकुल नाथ ने यह भी दावा किया कि चुनाव के बाद करीब 33 लाख फर्जी मतदाताओं का मामला सामने आया था, हालांकि ये आंकड़े कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं के दावों पर आधारित हैं।

कमल नाथ जी का मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 हारना असंभव था। बड़े पैमाने पर वोट चोरी की शुरुआत मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से हुई थी।राहुल गांधी ने उठाए थे चुनावी प्रक्रिया पर सवाल

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूचियों और चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए थे। राहुल गांधी का दावा था कि उनकी तकनीकी टीम ने कुछ चुनावी नतीजों और वोटर लिस्ट की विसंगतियों को लेकर विश्लेषण किया है। कांग्रेस ने इस पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो अपने आधिकारिक मंचों पर भी साझा किया है, जिसे अब नकुल नाथ ने मध्य प्रदेश के संदर्भ में आगे बढ़ाया है। इन बयानों के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here