शंकर साव पटेल शासकीय महाविद्यालय में छात्रों का आक्रोश

0

मूलभूत समस्याओं और लेट लतीफी के खिलाफ प्रबंधन को ३ दिन का छात्रों ने दिया अल्टीमेटम

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। शंकर साव पटेल शासकीय महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने महाविद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। प्रबंधन के द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों पर कोई ठोस कार्यवाही नही किए जाने से नाराज विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर तीखी नाराजगी जताई है। छात्रों ने प्रबंधन को ३ दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान करने की चेतावनी दी है अन्यथा उग्र आंदोलन करने की बात कही है। छात्रों ने बताया कि पूर्व में भी धरना प्रदर्शन के माध्यम से महाविद्यालय प्रशासन का ध्यान मूलभूत आवश्यकताओं की ओर आकर्षित कराया गया था लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। महाविद्यालय परिसर और कक्षाओं में भारी गंदगी फैली हुई है। शौचालय की नियमित साफ सफ ाई नही होने के कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में पीने के लिए शुद्ध पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा कई कक्षाओं में पंखे नही होने के कारण विद्यार्थियों को उमस और गर्मी में पढ़ाई करनी पड़ रही है। प्रबंधन के द्वारा सुबह ११ बजे से कक्षाएं संचालित करने का टाइम टेबल तो तैयार किया गया है ,लेकिन अधिकांश प्राध्यापक और शिक्षक दोपहर १२ बजे तक महाविद्यालय पहुंच रहे हैं। वारासिवनी क्षेत्र का यह एक प्रमुख और बडा महाविद्यालय है जहां हजारों छात्र छात्राएं दूर.दराज के ग्रामीण इलाकों से महंगे किराए पर आवागमन कर शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। शिक्षकों के समय पर नही आने और कक्षाओं के अनियमित संचालन से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। कई बार शिक्षक अवकाश पर होते हैं लेकिन इसकी कोई पूर्व सूचना या नोटिफि केशन जारी नहीं किया जाता है । जिससे महंगा किराया खर्च कर कॉलेज पहुंचने वाले विद्यार्थियों को निराशा हाथ लगती है। विद्यार्थियों ने एकजुट होकर महाविद्यालय के प्राचार्य से मुलाकात की और उन्हें ३ दिनों के भीतर समस्त समस्याओं का निराकरण करने की सख्त अपील की है। छात्रों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित ३ दिवस के भीतर कक्षाओं का समय पर संचालन, साफ. सुथरे वातावरण और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे महाविद्यालय परिसर में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन होगा इसके लिए प्राचार्य जिम्मेदार होंगे-अभिनय डोंगरे

छात्र अभिनय डोंगरे ने बताया कि प्राचार्य से हमने पूर्व के आश्वासन पर चर्चा कर ध्यान दिलाया है कि कक्षा में पंखे नहीं लगे हैं। शौचालय में साफ सफ ाई नहीं है ,परिसर में गंदगी बनी रहती है ,कक्षाएं संचालित हो रही है परंतु समय पर नहीं हो रही है, साफ पीने का पानी नहीं है जबकि पूर्व में भी इसी विषय को लेकर हमारे द्वारा धरना किया गया था। उस समय आश्वासन दिया गया था परंतु आज भी इसमें कोई बड़ा सुधार नहीं हो पाया है ,तो हमने तीन दिनों का समय दिया है । यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन होगा और इसके लिए प्राचार्य जिम्मेदार होंगे। क्योंकि उनकी जिम्मेदारी थी जो आश्वासन दिया गया है उसको सुधार करने की।

शिक्षको की लेटलतीफी का दंश झेल रहे विद्यार्थी-शाहिल हनवत

छात्र शाहिल हनवत ने बताया कि महाविद्यालय में बहुत खराब स्थिति है दूर दूर से बच्चे पढऩे के लिए आते है। हर तरफ गंदगी बनी रहती है,टाइम टेबल तो कक्षाओं के संचालन के लिए सुबह ११ बजे से बना दिया गया है। पर शिक्षक १२ तक आते हैं दूर दराज से विद्यार्थी सुबह से महाविद्यालय अपनी कक्षा लगाने के लिए आते है। यहां आकर पता चलता है कि उनके शिक्षक छुट्टी पर है ,उसके लिए भी कोई नोटिफि केशन जारी नहीं किया जाता है। इस प्रकार दूर दराज से आने वाले विद्यार्थियों को कई बार अपना किराया बर्बाद करना पड़ता है ,समय भी उनका बर्बाद होता है। इस पर महाविद्यालय में व्यवस्था बनाना चाहिए नियमित रूप से कक्षाएं समय पर संचालित हो।

इनका कहना हैं

हमें महाविद्यालय का प्रभार मिला है इस संबंध में परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने का प्रयास करेंगे। शिक्षकों से चर्चा कर निर्धारित समय पर उपस्थित होने के लिए कहा जाएगा। हालांकि सभी समय पर तो आ जाते हैं।

रक्षा निकोसे प्रभारी प्राचार्य एसएसपी महाविद्यालय वारासिवनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here