दशहरा चल समारोह कार्यक्रम एवं ५१ फीट रावण के पुतले का होगा दहन आज
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। शारदेय नवरात्र पर्व के नवमीं के अवसर पर नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक दुर्गा पंडालों, मंदिरों एवं घरों में माता-रानी के श्रध्दालुओं के द्वारा विविध धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता-रानी की उपासना करने वाले श्रध्दालुओं के द्वारा माँदुर्गा के नौ रूपों के रूप में नौ कन्याओं की विशेष पूजा अर्चना की गई एवं उपहार भेंट कर उन्हे विभिन्न पकवान खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी तरह नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत अमोली के हनुमान मंदिर चौक में सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति के तत्वाधान में माँ दुर्गा जी की प्रतिमा विराजित कर शक्ति की भक्ति का महापर्व शारदेय नवरात्र पर्व धार्मिक आस्थाओं के साथ मनाया जा रहा है। वहीं अष्टमी के अवसर पर १८ अक्टूबर को रात में भव्य देवी जागरण का आयोजन किया गया। जिसमें गायक आदित्य खजानची एवं अन्य कलाकारों के द्वारा देवी गीतों एवं भजनों की झांकियों के साथ प्रस्तुतियां दी गई और इन भजनों एवं गीतों पर उपस्थित श्रध्दालुों ने जमकर थिरके एवं मातारानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं नवमीं के अवसर पर १९ अक्टूबर को शाम ५ बजे से हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें पं. रंजीत शर्मा के द्वारा मुख्य यजमान सहपत्नि की उपस्थिति में हवन-पूजन प्रारंभ करवाया गया। जिसके बाद श्रध्दालुजनों ने पहुंचकर बारी-बारी से हवन-कुंड में पूर्णाहुति डालकर धर्मलाभ अर्जित किये तत्पश्चात माँदुर्गा जी की आरती की गई जिसके बाद नगर भोज का आयोजन किया गया। वहीं नगर भोज में श्रध्दालुजनों ने पहुंचकर भंडारा रूपी महाप्रसादी ग्रहण कर माता-रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया है। २० अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। इस अवसर पर शाम ४ बजे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता व अन्य भगवानों एवं वानर सेनाओं की जीवंत झांकियों के साथ चल समारोह निकाला जायेगा। जो ग्राम अमोली, लालबर्रा का भ्रमण करते हुए दशहरा चल समारोह शोभायात्रा दशहरा मैदान पहुंचेगी जहां ५१ फीट रावण के पुतले का दहन किया जायेगा।







































