कई बॉलीवुड फिल्मों और टीवी शोज में नजर आ चुकीं सविता बजाज इन दिनों आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं। सीनियर एक्ट्रेस कुछ समय पहले कोविड पॉजिटिव हो गई थीं जिसके इलाज में उनकी जमा पूंजी खत्म हो चुकी है। 22 दिनों तक भर्ती रहने के बाद एक्ट्रेस डिस्चार्ज तो हुईं लेकिन सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें दोबारा भर्ती होना पड़ा। इलाज के पैसे ना होने के कारण सविता ने मदद की गुहार लगाई है, जिसके बाद उन्हें एक्ट्रेस सुप्रिया पिलगांवर की मदद मिल गई है।
एक्ट्रेस नुपुर अलंकार ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान कन्फर्म किया है कि सुप्रिया पिलगांवकर, सविता बजाज की मदद के लिए आगे आई हैं। कुछ समय पहले सुप्रिया के पति सचिन ने सविता की आर्थिक तंगी पर बातचीत की थी जिसके अगले ही दिन सुप्रिया ने मदद का हाथ बढ़ाया है। सचिन ने एक इंटरव्यू के दौरान यंग लोगों को सलाह देते हुए कहा था कि लोगों को बारिश के मौसम के लिए सेविंग्स करनी चाहिए जिससे माली हालत खराब ना हो।
एक्टर्स एसोसिएशन से भी मिली मदद
खबरों की मानें तो सिन्टा (सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन) की तरफ से भी सविता बजाज को आर्थिक मदद मिली है। एसोसिएशन द्वारा एक्ट्रेस के हॉस्पिटल बिल की कुछ रकम चुकाई जा रही है। इससे पहले भी एक्ट्रेस को साल 2016 में अस्पताल में भर्ती होने पर राइटर्स एसोसिएशन्स से मदद के रूप में 1 लाख रुपए और सिंटा (CINTA) सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन से 50 हजार रुपए की मदद मिल चुकी है।
एक्ट्रेस ने सुनाई आपबीती
हाल ही में आपबीती सुनाते हुए सविता बजाज ने ई-टाइम्स से कहा, मुझे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और मुझे नहीं पता कि मैं कैसे इसे मैनेज करूंगी। मेरी नीयत पैसे वापस करने की है जैसे ही मेरे पास काम आएगा, लेकिन खराब हेल्थ के चलते फिलहाल मेरी काम करने की हालत नहीं है। दुर्भाग्य से मेरे पास मेरा ख्याल रखने वाला कोई नहीं है। 25 साल पहले मैंने निर्णय लिया था कि मैं अपने होमटाउन दिल्ली चली जाऊंगी लेकिन मेरे परिवार में मुझे कोई नहीं रखना चाहता। मैंने बहुत कुछ कमाया है और बहुत से जरुरतमंदों की मदद की है लेकिन अब मुझे मदद की जरुरत है।









































