ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर हाल ही नया रियलिटी शो ‘देसी ब्लिंग’ शुरू हुआ है, जिसमें कई नामी करोड़पति-अरबपति और सोशलाइट शामिल हैं। करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश भी इसका हिस्सा हैं, पर सबसे ज्यादा चर्चा तबिंदा संपाल और सतीश संपाल की हो रही है, जिनकी अरबों की अथाह संपत्ति ने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। तबिंदा संपाल ने हाल ही शो में दावा किया कि उनके पति उन्हें हर साल 3 किलो सोना गिफ्ट करते हैं और उनके पास 40 किलो सोना है, जिसकी कीमत 200 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। यह सुनकर तेजस्वी प्रकाश के होश उड़ जाते हैं। उनका मुंह खुला रह जाता है। तबिंदा संपाल और सतीश संपाल कौन हैं, उनके पास कितनी संपत्ति है और कैसे वो अरबपति बने, यहां जानिए:
8वीं क्लास तक पढ़े तबिंदा के पति, बुर्ज खलीफा में महल
बता दें कि सतीश संपाल ने संयुक्त अरब अमीरात में अरबों का साम्राज्य खड़ा किया हुआ है, जबकि वह सिर्फ 8वीं क्लास तक पढ़े हैं। इसके बाद उन्होंने स्कूल छोड़ दिया था। फिर मां ने उन्हें 50 हजार रुपये दिए और उसी रकम से उन्होंने बिजनेस की शुरुआत की थी। आज सतीश संपाल दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में आशियाना बनाकर रहते हैं।










































