पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी में गत १८ अगस्त से १० दिवसीय राष्ट्रीय एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता शिविर का आयोजन सुचारू रूप से जारी है। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में भोपाल रीजन के ५२ जिलों से चयनित कुल ८२ राष्ट्रीय स्तरीय खिलाडियों ३९ बालिकाएं एवं ४३ बालक ने हिस्सा लिया है। शिविर के दौरान खिलाडियों को एथलेटिक्स की विभिन्न ट्रैक एवं फ ील्ड स्पर्धाओं के लिए गहन और उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर २८ अगस्त तक चलेगा। शिविर के समापन के पश्चात सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गुजरात स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय सापुतारा जिला डांग अहमदाबाद रीजन के लिए रवाना होंगे जहां १ से ४ सितंबर तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शिविर में खिलाडिय़ों के शारीरिक सहनशक्ति और तकनीकी कौशल को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिदिन सुबह और शाम नवोदय विद्यालय के खेल मैदान में प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षकों के द्वारा खिलाडिय़ों को ट्रैक और फ ील्ड की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। यह धीरेन्द्र पटेल उमरिया, रवि पाण्डेय सीधी ,अजवीर सिंह धार, संगीता पटवा अशोकनगर इन चारों प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ी अपनी अपनी स्पर्धाओं का निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। शिविर के दौरान एथलीट अपने खेल कौशल को निखारने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। प्रशिक्षण के उपरांत दल के प्रभारी रणवीर सिंह एवं संजीत कुमार बनिक सभी प्रतिभागी बच्चों को लेकर अहमदाबाद रीजन के लिए रवाना होंगे। विद्यालय प्रशासन और प्रशिक्षकों को पूरी उम्मीद है कि भोपाल रीजन के ये सभी होनहार खिलाड़ी गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करेंगे और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। प्रशिक्षक धीरेन्द्र पटेल ने बताया की जवाहर नवोदय विद्यालय में भोपाल रीजन के खिलाडियों के लिए शिविर आयोजित किया गया है जिसमें सभी प्रकार के खेलों की जानकारी देकर प्रैक्टिस करवाई जा रही है। इसमें ५२ जिलों के खिलाड़ी शामिल है जो अहमदाबाद रीजन के जवाहर नवोदय विद्यालय सापुतारा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।











































