नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 9 माह की मासूम के सिर से उठा मां का साया

0

पखवाड़ेभर से सिरदर्द और उल्टी से परेशान थी महिला
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आया झटका, बेड पर ही तोड़ा दम
नवविवाहिता होने के चलते तहसीलदार की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम,
शव ले जाने अस्पताल में नहीं मिला वाहन, परिजनों ने जताई नाराजगी
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।वारासिवनी थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम नेवरगांव निवासी एक नवविवाहिता की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महज 9 माह की मासूम बेटी को पीछे छोड़कर दुनिया से विदा हुई महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब एक पखवाड़े से सिरदर्द और उल्टी की शिकायत से परेशान थी। बुधवार को अचानक सिरदर्द के साथ उल्टी होने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे,जहां उपचार के दौरान रात में अचानक झटका आने के बाद उसने दम तोड़ दिया।गुरुवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।वही मामले की जांच के लिए डायरी सम्बधित थाना पहुचाई गई है।

2025 में हुई थी शादी, 9 माह की बेटी को छोड़ गई मां
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका जया पति पनिण दुनाड़कर का विवाह वर्ष 2025 में हुआ था। विवाह के बाद उसकी एक 9 माह की बेटी है। परिजनों के मुताबिक जया पिछले लगभग 15 दिनों से सिरदर्द की समस्या से परेशान थी। शुरुआत में उसका गांव के ही एक डॉक्टर से उपचार कराया गया था। उपचार के बाद उसे कुछ राहत भी महसूस हुई, लेकिन बुधवार को अचानक फिर सिरदर्द की शिकायत बढ़ने के साथ उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजन बिना देर किए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया।लेकिन उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

रात में आया झटका, अस्पताल के बेड पर थम गई सांसें
बताया गया कि जिला अस्पताल में भर्ती जया का उपचार चल रहा था। इसी दौरान बुधवार की रात अचानक उसे झटका आया और अस्पताल के बेड पर ही उसकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिजन सकते में आ गए। सामान्य सिरदर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंची महिला की इस तरह मौत होने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से हृदयाघात की आशंका भी व्यक्त की गई है।

नवविवाहिता होने से तहसीलदार की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की। गुरुवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की। इस दौरान तहसीलदार की मौजूदगी में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।मृतका के जेठ नंदकिशोर बाघमाटे ने बताया कि जया को सामान्य सिरदर्द और उल्टी की शिकायत थी, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया था। उन्होंने हृदयाघात से मौत होने की संभावना जताई है।

निशुल्क शव वाहन सेवा का नही मिल रहा लाभ
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बीच अस्पताल प्रबंधन की एक और लापरवाही सामने आई, जब परिजनों को शव घर ले जाने के लिए अस्पताल में उपलब्ध शव वाहन नहीं मिल पाया। मजबूरी में परिजनों को निजी वाहन की व्यवस्था कर शव ले जाना पड़ा, जिसको लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।

निजी वाहन से ले जाना पड़ा शव
महिला की मौत के बाद एक ओर जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं शव को घर ले जाने के दौरान भी परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शासन की ओर से जिला अस्पताल में शवों को ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध कराया गया है, लेकिन परिजनों के अनुसार उन्हें शव ले जाने के लिए वाहन नहीं मिल पाया। ऐसे में उन्हें निजी वाहन की व्यवस्था करनी पड़ी।अस्पताल से शव ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं होने पर परिजनों ने नाराजगी जताई। सवाल यह है कि जब जिला अस्पताल में शव वाहन की व्यवस्था है तो जरूरत के समय परिजनों को इसकी सुविधा क्यों नहीं मिल पाई?

शून्य पर मर्ग कायम, संबंधित थाना करेगा आगे की जांच
अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार मामले में शून्य पर मर्ग कायम किया गया है। आवश्यक पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मर्ग डायरी संबंधित थाना क्षेत्र को भेजी जाएगी। इसके बाद वारासिवनी थाना पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम जांच की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here