मलाजखंड थाना अंतर्गत ग्राम टिंगीपुर से देवरी के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 52 वर्षीय बिसराम पिता साधुराम शांडिल्य निवासी टिंगीपुर की बिरसा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मलाजखंड पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिसराम शांडिल्य मलाजखंड क्षेत्र के आसपास के गांवों में छात्रों को कोचिंग पढ़ाने का कार्य करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों बच्चे वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके बड़े भाई विपिन बिहारी शांडिल्य प्रेम नगर बालाघाट में रहते हैं और वे पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं।बताया गया है कि 21 मई की रात करीब 10 बजे बिसराम शांडिल्य किसी आवश्यक कार्य से अपनी मोटरसाइकिल से टिंगीपुर से देवरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टिंगीपुर से कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिसराम शांडिल्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही उनके परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए बिरसा अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।घटना के बाद मृतक बिसराम शांडिल्य का शव बिरसा अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया गया था। 22 मई को मलाजखंड पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।पुलिस ने मामले में धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।










































