माता-पिता की बढ़ती उम्र के साथ उनके लिए हेल्थ इंश्योरेंस लेने की जरूरत भी बढ़ रही होगी। ऐसे में आपके मन में भी यही सवाल आ रहा होगा कि उनके लिए Family Floater या Separate कौन-सा विकल्प ज्यादा बेहतर होगाHealth Insurance Guide: माता-पिता की उम्र बढ़ने के साथ उनकी हेल्थ इंश्योरेंस (Health Insurance) की जरूरत भी बढ़ जाती है। ऐसे में कई परिवार उन्हें अपनी मौजूदा फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में जोड़ने का विकल्प चुनते हैं। यह तरीका आसान जरूर लगता है, लेकिन 60 साल की उम्र के बाद माता-पिता को फैमिली फ्लोटर में शामिल करने पर प्रीमियम बढ़ सकता है और बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में पूरे परिवार का कवर प्रभावित हो सकता है। इसलिए कई मामलों में माता-पिता के लिए अलग हेल्थ इंश्योरेंस रखना एक बेहतर विकल्प हो सकता है।
दोनों हेल्थ पॉलिसी में क्या अंतर
पहले तो यही समझें कि फैमिली फ्लोटर (Family Floater Health Policy) में सभी सदस्यों के लिए एक ही सम इंश्योर्ड होता है। वहीं, इंडिविजुअल या सीनियर सिटीजन हेल्थ पॉलिसी में हर व्यक्ति के लिए अलग सम इंश्योर्ड मिलता है। उम्रदराज माता-पिता और कम उम्र के बच्चों वाले परिवार में यह अंतर काफी महत्वपूर्ण हो सकता है।
माता-पिता को फ्लोटर में क्यों न जोड़ें?
फैमिली फ्लोटर का प्रीमियम अक्सर पॉलिसी में शामिल सबसे उम्रदराज सदस्य की उम्र को ध्यान में रखकर तय किया जाता है। ऐसे में 65 साल के माता-पिता को युवा दंपति और बच्चों वाली पॉलिसी में जोड़ने से प्रीमियम में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक प्रीमियम बीमाकर्ता, उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और पॉलिसी की सुविधाओं पर निर्भर करता है।सरी बड़ी बात साझा कवर की है। मान लीजिए परिवार के पास 15 लाख रुपये का फ्लोटर कवर है और माता-पिता में से किसी एक के इलाज पर 8 लाख रुपये खर्च हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में बाकी सदस्यों के लिए उसी पॉलिसी वर्ष में मूल कवर का सिर्फ 7 लाख रुपये हिस्सा बचता है, हालांकि रिस्टोरेशन या रिचार्ज जैसी सुविधाएं इसे प्रभावित कर सकती हैं।
अलग पॉलिसी में क्या फायदा मिलेगा?
माता-पिता के लिए अलग हेल्थ इंश्योरेंस लेने पर उनका सम इंश्योर्ड अलग रहता है। उदाहरण के लिए 10 लाख रुपये की इंडिविजुअल पॉलिसी में 7 लाख रुपये का क्लेम होने पर बच्चे की अलग हेल्थ पॉलिसी का कवर सीधे प्रभावित नहीं होता।
इसके अलावा, सीनियर सिटीजन के लिए बनाई गई पॉलिसियों में वेटिंग पीरियड, को-पेमेंट, रूम रेंट लिमिट, एक्सक्लूजन और पहले से मौजूद बीमारियों से जुड़े नियमों की तुलना की जा सकती है। हालांकि, उम्र बढ़ने के साथ अलग पॉलिसी का प्रीमियम भी ज्यादा हो सकता है और पहले से मौजूद बीमारी पर वेटिंग पीरियड लागू हो सकता है।
पॉलिसी लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सिर्फ प्रीमियम देखकर फैसला न करें। सम इंश्योर्ड, वेटिंग पीरियड, को-पेमेंट, रूम रेंट लिमिट, एक्सक्लूजन, रिस्टोरेशन बेनिफिट और नेटवर्क अस्पतालों की जांच करें। अगर माता-पिता के पास पहले से कोई हेल्थ पॉलिसी है, तो उसे बंद करके नई पॉलिसी लेने से पहले पुराने लाभ और कवरेज की निरंतरता भी समझ लें।










































