राज्यस्तरीय योग प्रतियोगिता में आर्टिस्टिक और पारंपरिक योग का प्रदर्शन,
आज पेयर मुकाबलों के बाद होगा प्रदेश की टीम का चयन
राष्ट्रीय स्तर पर मप्र का प्रतिनिधित्व करने का मिलेगा मौका
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।योगासनों में संतुलन, लय, लचक और शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने के लिए जोर लगा रहे हैं। बालाघाट में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय योग प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को 10 संभागों से आए 350 से अधिक स्कूली खिलाड़ियों ने आर्टिस्टिक और पारंपरिक योग विधाओं में अपनी एकल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब रविवार को रिदमिक और आर्टिस्टिक पेयर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय टीम के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
योग के कठिन आसनों में दिखाया कौशल
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने योग के विभिन्न आसनों के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन और अभ्यास का परिचय दिया। अलग-अलग संभागों से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। शनिवार को आयोजित व्यक्तिगत मुकाबलों के बाद अब सभी की निगाहें रविवार को होने वाली टीम स्पर्धाओं पर टिकी हैं,जहां जोड़ी में खिलाड़ियों को अपनी योग प्रतिभा प्रदर्शित करनी होगी।शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी राजेश पाठक, योग आयोग अध्यक्ष तपेश असाटी, समाजसेवी अनुराग चतुरमोहता सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
आज पेयर मुकाबलों पर रहेंगी निगाहें
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को रिदमिक और आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इसमें खिलाड़ी जोड़ी के रूप में योगासनों का प्रदर्शन करेंगे। इन मुकाबलों के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर राज्यस्तरीय टीम के लिए चयन किया जाएगा।चयनित खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
बालाघाट के आठ खिलाड़ी भी मैदान में
प्रतियोगिता में प्रत्येक संभाग से करीब 36 खिलाड़ी शामिल हैं।जबलपुर संभाग की ओर से बालाघाट के आठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन की जिम्मेदारी जिला योग प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा के साथ स्टेट ऑफिशियल टीम के अश्विन कुमार दीक्षित, शिववीरसिंह तोमर, दुर्गा राहंगडाले, कंचनबाला फूलबांधे, शिव कुमार गुप्ता, श्रुति जैन और आकाश अग्रवाल संभाल रहे हैं।
10 संभागों के साढ़े तीन सौ से अधिक खिलाड़ी शामिल-गोस्वामी
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक गिरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में भोपाल, रीवा, जबलपुर, इंदौर, नर्मदापुरम, सागर, शहडोल, ग्वालियर, उज्जैन और जनजातीय स्कूल संभाग के 350 से अधिक स्कूली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित की जा रही है। तीनों आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय टीम के लिए किया जाएगा।








































