हवाना: अमेरिका के पड़ोसी क्यूबा में बढ़ते खुफिया इंफ्रास्ट्रक्चर ने अमेरिकी सुरक्षा रणनीतिकारों की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्टों के अनुसार, हाल के वर्षों में क्यूबा में चीनी और रूसी खुफिया कर्मियों और उनकी क्षमताओं में काफी विस्तार हुआ है। क्यूबा की राजधानी हवाना के बाहर एक बड़ी सिग्नल इंटेलिजेंस सुविधा के बारे में नई रिपोर्ट और सैटेलाइट विश्लेषण ने इन चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हाल ही में स्वीकार किया है कि क्यूबा में रूसी और चीनी खुफिया एजेंसियों की मौजूदगी है। वहीं, फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सीनेटर रिक स्कॉट ने इन ठिकानों को आस-पास के सैन्य अभियानों के लिए बड़ा खतरा बताया है। फॉक्स न्यूज डिजिटल से बात करते हुए स्कॉट ने कहा, वे हमारे तट से 90 मील (144 किमी) दूर हैं। वे हमारे दुश्मनों के दोस्त हैं। यह एक बड़ा खतरा है।










































