उल्टी, दस्त से बालक सहित 3 की मौत, 11 अस्पताल में भर्ती श्योपुर के चकपारोंद गांव में फैला हैजा, छह लोग मुरैना रैफर

0

बीतें चार दिनों में उल्टी-दस्त की बीमारी से एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौत हो गई है। 11 अन्य बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना है प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर के चकपारोंद गांव की। गंभीर रुप से बीमार छह लोगों को मुरैना रैफर किया गया है। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा डालकर बीमारों का इलाज शुरू करने के साथ पानी की सैंपलिंग की गई हैं। जानकारी के अनुसार चकपारोंद गांव में अज्ञात बीमारी से बुजुर्ग केदार आदिवासी, 23 वर्षीय रामदासी आदिवासी व ढाई साल का बालक की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम इसकी पड़ताल की जा रही हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर सीएमएचओ डा. बीएल यादव ने दलबल पहुंचकर सभी ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने के साथ कुछ लोगों का इलाज गांव में ही अस्थाई अस्पताल बनाकर शुरू कर दिया हैं। इससे पहले 6 लोगों को गंभीर हालत में इलाज के लिए मुरैना ले जाने की जानकारी भी ग्रामीणों ने दी हैं। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के सभी 44 परिवारों में रहने वाले 234 सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जीवन रक्षक दवाओं के साथ-साथ ग्लूकोज इत्यादि वितरण किए। जो लोग खुद को गंभीर बीमार बता रहे थे, उन्हें इलाज के लिए विजयपुर भेजा गया। फिलहाल चिकित्सीय टीम बीमारी का कारण नहीं बता पा रही हैं, लेकिन प्रशासन फूड पोइजन को भी कारण मानकर चल रहा हैं। टीम ने बताया कि गांव में 18 लोग मुरैना जिले के जौरा में धान लगाने मजदूरी पर गए थे, जहां से वह दूषित खाद्य सामग्री लेकर आए, जिनके सेवन से ही लोग बीमार हुए हैं। इसके अलावा गांव में एक हैंडपंप व एक कुआं जो पीने के पानी के काम आता हैं, का सैंपल भी लिया गया। चकपारोंद गांव में उल्टी, दस्त के कारण लोगों के बीमार होने के मामले में कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा की गई तत्काल कार्रचाई करते एसडीएम नीरज शर्मा, सीएमएचओ डा बीएल यादव सहित तहसीलदार विजयपुर राजेन्द्र पवार एवं वीरपुर सीताराम वर्मा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस, महिला बाल विकास के अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा गांव पहुंचकर उपचार की सुविधा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए सभी कार्यवाही की जा रही है। मेडिकल टीमों द्वारा किए गए सर्वे रिपोर्ट के अनुसार चकपारोंद में 234 की आबादी है तथा यहां 44 हाउसहोल्ड है। एक-एक घर तथा प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत पाया गया कि गांव में 16 व्यक्ति उल्टी, दस्त से प्रभावित है। जिनमें से 11 रोगियों का उपचार अस्पताल में भर्ती कर किया जा रहा है तथा 05 लोगों को घर पर ही दवा दी गई है। जिनकी स्थिति पहले से बेहतर है। इस बारे में श्योपुर सीएमएचओ डा. बीएल यादव का कहना है कि विजयपुर के चकपारोंद गांव में उल्टी -दस्त की बीमारी के चलते एक महिला, बुजुर्ग और बच्चे की मौत हुई है। महिला की मौत उसके मायके तिलंगापुरा में एवं बुजुर्ग की मौत 21 जुलाई को तथा बच्चे की मौत शनिवार को हुई है। पानी के सैंपल लिए गए हैं। जिसकी जांच कराई जा रही है। वहीं विजयपुर एसडीएम नीरज शर्मा का कहना है कि गांव के प्राथमिक स्कूल को अस्थाई अस्पताल बनाया कर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। यहां पर्याप्त संख्या में चिकित्सक तथा पैरामेडिकल स्टाफ एवं सभी जरूरी दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। 5 दिनो तक मेडिकल टीम गांव में रहकर बीमार लोगों का इलाज करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here