निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज
चांगोटोला पुलिस करेगी मामले की जांच
बालाघाट नगर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत एक युवक की मौत हो गई। मृतक शिव किशोर पिता बृजलाल पटले 36 वर्ष ग्राम हिरवाटोला थाना चांगोटोला निवासी बताए गए है। प्रारंभिक तौर पर इस युवक के द्वारा कीटनाशक दवाई सेवन करने की संभावना जताई जा रही है। कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की आगे की जांच चांगोटोला पुलिस द्वारा की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिव किशोर मूल रूप से नगरवाड़ा क्षेत्र का निवासीथा। लेकिन पिछले 5-6 वर्षों से वह अपने परिवार के साथ ग्राम हिरवाटोला में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। जबकि उसके माता-पिता सहित अन्य परिजन नगरवाड़ा में रहते हैं।बताया गया है कि 11 जून को शिव किशोर घर पहुंचा था। घर आने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए बालाघाट नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये थे।जहां उसका इलाज चल रहा था।उपचार के दौरान 12 जून को शिव किशोर की मौत हो गई।निजी अस्पताल से सूचना मिलने पर कोतवाली से उप निरीक्षक यशवंत सिंह ने अपने स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिये है।प्रारंभिक जांच में शिव किशोर द्वारा कीटनाशक दवाई सेवन करने की संभावना व्यक्त की जा रही है।हालांकि उसने यह कदम किस कारण उठाया। यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।कोतवाली पुलिस ने धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मर्ग कायम कर मर्ग डायरी अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित थाना चांगोटोला भेज दी है। मामले की विस्तृत जांच अब चांगोटोला पुलिस द्वारा की जाएगी।










































