नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच आधार कार्ड जांच को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन में शामिल होने आने वाले लोगों से आधार कार्ड मांग रही है और इसे बहाना बनाकर कई लोगों को अंदर जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब किसी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य हो गया है।
यह आरोप ऐसे समय आया है जब CJP कार्यकर्ता NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है और प्रदर्शन को आगे भी जारी रखने की बात कह रही है।










































