शहर में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला के साथ छेड़छाड़ कर उसके साथ मारपीट की। पुलिस में शिकायत करने पर राजीनामे के लिए पीड़ित पक्ष से निवेदन किया। मामला मोघट थाना क्षेत्र का है।
34 वर्षीय महिला ने पुलिस को शिकायत में बताया कि शनिवार रात नौ बजे वह अपने घर आनंद नगर में थी। तभी आरोपित विशेष जिंदल और उसके दो साथियों ने घर का पता पूछा। इसके बाद दुपट्टा खींचकर मारपीट भी की। इसके चलते महिला को चोट भी आई। घटना के बाद आरोपित पक्ष भी मोघट थाने पहुंचा।
महिला और उसके पति से माफी मांगते हुए राजीनामा करने को कहा। इसके लिए आरोपित ने कुछ रसूखदार भी थाने बुलवाए। घटनाक्रम तीन घंटे तक चला। इसके बाद पीड़िता ने आरोपित पक्ष की बात मानने से इंकार कर दिया। पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया। मोघट पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एक नामजद व दो अन्य के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।










































