जापान के PM किशिदा भारत से सीधे यूक्रेन दौरे पर:बाइडेन की तरह पोलैंड से ट्रेन में बैठकर कीव निकले, जेलेंस्की से करेंगे मुलाकात

0

जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा सरप्राइज विजिट पर यूक्रेन के लिए रवाना हो गए हैं। यहां वो यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे। ऐसा पहली बार होगा जब कोई जापानी प्रधानमंत्री जंग में शामिल किसी देश का दौरा करेंगे। इसके साथ ही ये G7 ग्रुप के चेयरमैन के तौर पर भी किसी एशियन देश के नेता की पहली विजिट होगी।

जापान टाइम्स के मुताबिक, भारत से निकलने के बाद किशिदा पोलैंड पहुंचे। यहां से ट्रेन में बैठकर वो मंगलवार की सुबह यूक्रेन पहुंच चुके हैं। जापान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि अपने दौरे के दौरान किशिदा, राष्ट्रपति जेलेंस्की के नेतृत्व में अपने देश की रक्षा के लिए लड़ रहे यूक्रेनियों के प्रति सम्मान व्यक्त करेंगे। साथ ही जापान और G7 देशों के अध्यक्ष के तौर पर यूक्रेन को समर्थन देंगे।

US-यूरोप के साथ रूस पर कई प्रतिबंध लगा चुका है जापान
किशिदा ने इससे पहले जनवरी में जेलेंस्की से फोन पर बात की थी। तब यूक्रेनी राष्ट्रपति ने उन्हें कीव आने का न्योता दिया था। जापान पहले भी कई बार रूस के यूक्रेन पर हमले को लेकर विरोध जता चुका है। इसके अलावा जापान ने जंग को लेकर रूस पर प्रतिबंध लगाने और यूक्रेन को मानवीय और आर्थिक सहायता देने में भी अमेरिका और यूरोपीय देशों का साथ दिया था।

जापान ने अब तक यूक्रेन को 7 अरब डॉलर की मदद दी
जापान अब तक यूक्रेन को 7 अरब डॉलर की मदद दे चुका है। इसके अलावा उसने जंग में मदद के लिए यूक्रेन को कई गैर-लड़ाकू मिलिट्री इक्विपमेंट जैसे हेलमेट, बुलेट-प्रूफ जैकेट, ड्रोन्स और लोगों की जरूरत का सामान भी दिया है। साथ ही जापान ने यूक्रेन से आए करीब 2 हजार लोगों को भी शरण दी है।

20 मार्च को भारत दौरे पर थे PM किशिदा
इससे पहले 20 मार्च को जापानी PM किशिदा ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान भी उन्होंने रूस के यूक्रेन पर हमले का विरोध जताया था। भारत दौरे पर किशिदा ने PM मोदी के साथ बुद्ध जयंती पार्क में लकड़ी की बेंच पर बैठकर बातचीत की थी।

भारत को G-7 समिट के लिए न्योता दिया
भारत पहुंचने के बाद जापानी प्रधानमंत्री किशिदा ने कहा था- मैंने PM मोदी को हिरोशिमा में होने वाले G-7 समिट के लिए न्योता दिया और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। वहीं, PM मोदी ने कहा था- मुझे हमेशा दोनों देशों के बीच संबंध को लेकर पॉजिटिविटी महसूस हुई। मैंने उनसे हमारे G-20 अध्यक्षता की प्राथमिकताओं के बारे में बात की। हमारा लक्ष्य सभी को साथ लेकर चलना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here