जोबट उपचुनाव में पलायन पर गए लोगों के वोट कीमती, प्रमुख दलों की नजर

0

जोबट विधानसभा उपचुनाव की घड़ी नजदीक आ रही है। क्षेत्र की जनता 30 अक्टूबर को अपना 16वां विधायक चुनेगी। इस बीच राजनीतिक दल मतदाताओं को साधने की कवायद में जुटे हैं। दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस की नजर उन मतदाताओं पर भी है, जो रोजगार के लिए यहां से पलायन पर हैं।

जानकार बताते हैं कि 10-15 फीसद लोग इस समय रोजगार के लिए बाहर हैं। ये वोट निर्णायक साबित हो सकते हैं। ऐसे में राजनीतिक दल अपने स्तर पर इन्हें मतदान के लिए रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। जिला प्रशासन भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरा जोर लगा रहा है। ऐसे क्षेत्र जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रोजगार के लिए जाते हैं, वहां के जिला प्रशासन को सूचना भेजी जा रही है। ताकि उक्त लोग यहां मतदान के लिए आ सकें।

जोबट विधानसभा चुनाव मैदान में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। जानकार कहते हैं कि विधानसभा क्षेत्र की करीब 10-15 फीसद जनता रोजगार के लिए गुजरात सहित अन्य प्रांतों में पलायन करती है। ऐसे में उक्त मतदाताओं पर प्रमुख दलों की नजर है। दोनों दल ग्रामवार ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं। दूसरी ओर जिला प्रशासन भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पलायन पर गए लोगों को प्रेरित करने की तैयारी कर रहा है।

कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि जहां पर जिले से अधिक संख्या में लोग काम के लिए जाते हैं, वहां के जिला प्रशासन से संपर्क कर मतदान की अपील जारी करवाई जा रही है। इससे मतदान प्रतिशत बढ़ सकेगा। वहीं क्षेत्र के राजनीतिक जानकार कहते हैं कि पलायन करने वाले लोग मतदान के लिए क्षेत्र में आते जरूर हैं, हालांकि यह संख्या कुल लोगों की तुलना में 50 फीसद ही रहती है। यानी अगर 30 हजार वोटर काम के लिए बाहर गए हैं तो इनमें वोटिंग के लिए 15 हजार के लौटने की ही संभावना है।

यह है मतों का गणित

275205 कुल मतदाता

137638 पुरुष वोटर

137567 महिला मतदाता

46067 मत प्राप्त हुए थे गत चुनाव में कांग्रेस की कलावती भूरिया को

44011 वोट मिले थे निकटतम रहे भाजपा के माधोसिंह डावर को

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here