शराब मुर्गा और हिरन का पुतला रखकर चल रही थी पूजा, भूमि मालिक ने साथियों के साथ मिलकर पुलिस को सौंपा
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम डोंगरिया में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कथित रूप से गड़े धन की खोज और तंत्र मंत्र के चक्कर में एक फ ार्म हाउस के गेट का ताला तोडक़र अवैध रूप से खुदाई कर रहे महाराष्ट्र के चार आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भूमि मालिक की सजगता और वारासिवनी पुलिस की त्वरित मुस्तैदी से एक बड़ी आपराधिक व तांत्रिक गतिविधि को नाकाम कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक ०२९९/२०२६ के अंतर्गत चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता २०२३ की धारा ३३१,४ एवं ३/५ के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ऐसे खुला तांत्रिकों का राज
फ रियादी सेवेन्द्रसिंह परिहार निवासी वार्ड नं ३३ स्टेट बैंक कॉलोनी बालाघाट जो पेशे से ठेकेदार हैं। उसने ने पुलिस को बताया कि ११ जून की रात करीब ८.३० बजे उनके ड्राइवर पंकज ब्रम्हे ने फ ोन पर सूचना दी कि डोंगरिया स्थित फ ार्म हाउस के मुख्य गेट का ताला तोडक़र कुछ अज्ञात लोग जबरन अंदर घुस गए हैं। सूचना मिलते ही सेवेन्द्रसिंह अपने साथी अमित शर्मा और इंदरचंद बसेना को साथ लेकर तुरंत फ ार्म हाउस पहुंचे। वहां मुख्य गेट के बाहर एक संदिग्ध ग्रे रंग की आई.१० कार क्रमांक एम एच ४९ यु ७७३८ खडी थी। जब भूमि मालिक अपने साथियों के साथ फ ार्म हाउस के अंदर बने लेबर क्वार्टर और किचन के बीच खाली जगह पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। आरोपी वहां गैती और फ ावड़े से करीब डेढ़ फ ीट गहरा गड्ढा खोद चुके थे। गड्ढे के पास तांत्रिक क्रिया की सामग्री जैसे सिंदूर, कुमकुम, पुराने सिक्के, कौड़ी, शराब, मुर्गा और हिरन का पुतला रखा हुआ था। वे सभी किसी गुप्त धन को निकालने की नीयत से पूजा पाठ और खुदाई कर रहे थे।
यह पकड़े गए आरोपी स्थानीय संरक्षकों ने रची थी साजिश
मौके से पुलिस और नागरिकों की मदद से पकड़े गए आरोपी में ललित चिताडे निवासी पिपलाकाटा हुडकेश्वर रोड नागपुर महाराष्ट्र, हीराधर जगताप निवासी वार्ड न.ं ३२ अयोध्या नगर नागपुर महाराष्ट्र, पूनाजी मेश्राम निवासी बोरगांव चन्द्रपुर महाराष्ट्र, धर्मेश कुल्हे निवासी पंचपाओली नागपुर शहर महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें डोंगरिया निवासी किशोर दमाहे और मशीनटोला निवासी अखिल कालबेले ने इस फ ार्म हाउस में भारी मात्रा में गड़ा हुआ धन होने का लालच देकर बुलाया था। स्थानीय आरोपियों के कहने पर ही ये लोग ताला तोडक़र अंदर घुसे थे। घटना की जानकारी लगते ही भूमि मालिक और उनके साथियों ने तत्परता दिखाते हुए वारासिवनी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोचकर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार खुदाई के उपकरण और तंत्र मंत्र की सामग्री जब्त कर ली है। फ रार स्थानीय आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
0000000000000000000000










































