मार्ग पर सडक़ हादसे हुए आम, जिम्मेदार विभाग मौन
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी से कटंगी को जोडऩे वाले अति महत्वपूर्ण और प्रमुख मार्ग पर स्थित ग्राम बुदबूदा धानीटोला रेलवे क्रॉसिंग के पास सडक़ की बदहाली से राहगीर बेहद परेशान हैं। कुछ वर्ष पूर्व ही बने इस बेहतरीन मार्ग का एक करीब ५० फीट का हिस्सा रेलवे परिसर के अंतर्गत पूरी तरह तोड़ दिया गया था। जो वर्तमान में बड़े गड्ढे और गहरे कीचड़ में तब्दील हो चुका है। इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं में लोग घायल हो रहे हैं जिसके कारण उन्हें अपनी नौकरी व कामकाज से छुट्टियां लेनी पड़ रही हैं।
अंडरपास निर्माण के नाम पर तोड़ी गई थी सडक़
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व में अंडरपास निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे परिसर के अंतर्गत आने वाली सडक़ के एक छोर को लगभग ५० फ ीट तक तोड़ दिया गया था। गहरा गड्ढा हो जाने पर स्थानीय ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए मुरुम डालकर किसी तरह आवागमन बहाल किया था। हालांकि इसके बाद ना तो सडक़ निर्माण एजेंसी और ना ही रेलवे विभाग ने इस हिस्से के स्थायी सुधार पर ध्यान दिया। वर्तमान में बारिश का पानी जमा होने से यहां दलदल और कीचड़ की स्थिति बन गई है। वारासिवनी कटंगी मार्ग एक अति व्यस्त सडक़ है जो सीधे बड़े महानगरों को जोड़ती है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों मालवाहक, यात्री बसें, निजी वाहन और स्थानीय ग्रामीण गुजरते हैं। सडक़ के दूसरे छोर पर बने स्पीड ब्रेकर और साइड शोल्डर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूट चुके हैं। सबसे अधिक परेशानी रात्रि के समय होती है जब अंधेरे के कारण चालकों को पानी और कीचड़ से भरा गड्ढा दिखाई नहीं देता और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। ग्रामीणों ने इस जनसमस्या और खतरे की ओर रेलवे विभाग व संबंधित अधिकारियों का ध्यान कई बार आकर्षित कराया है लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। स्थिति जस की तस बनी हुई है और लोग जान जोखिम में डालकर सफ र करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन व रेलवे विभाग से मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अविलंब सडक़ मरम्मत और क्षतिग्रस्त साइड शोल्डर का सुधार कार्य कराया जाए।









































