सडक़ पर खड़े ट्रक में जा घुसी कार, दंपती सहित चार वर्षीय बच्चा घायल

0

वारासिवनी। वारासिवनी बालाघाट मार्ग पर सांदीपनी विद्यालय के सामने गुरुवार रात एक कार सडक़ पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार सवार खिलेश लिल्हारे, उनकी पत्नी प्रीति लिल्हारे तथा चार वर्षीय पुत्र मितांश घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसा गंभीर होने के बावजूद तीनों को दुर्घटना के हिसाब से कम चोटें आईं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक १९ शिवधाम निवासी खिलेश लिल्हारे १७ सितंबर की शाम अपनी पत्नी प्रीति और चार वर्षीय पुत्र मितांश के साथ कार क्रमांक एमपी ५० सी ७६७९ से बालाघाट से वारासिवनी लौट रहे थे। रात करीब ९.३० बजे जब उनकी कार वारासिवनी बालाघाट मार्ग पर सांदीपनी विद्यालय के सामने पहुंची तभी सडक़ पर खड़ा सीमेंट का ट्रक क्रमांक सीजी ४ क्यूई ९३४६ कार के सामने आ गया। ट्रक मुख्य मार्ग पर खड़ा था और उसमें पर्याप्त दिशा सूचक स्टॉप लाइट अथवा रेडियम संकेतक दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहनों की रोशनी के बीच कार चालक को सडक़ पर खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और कार सीधे उसके पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर में खिलेश लिल्हारे के सिर व चेहरे में चोट आई जबकि प्रीति लिल्हारे के हाथ, पैर एवं सिर में चोटें बताई गई हैं। वहीं चार वर्षीय मितांश को भी चोट लगी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए बालाघाट ले गए। घटना के संबंध में वारासिवनी थाने में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा १२५,२८१ तथा मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद वारासिवनी बालाघाट मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग पर रात के समय भारी वाहनों को बिना उचित प्रकाश संकेतक अथवा रेडियम व्यवस्था के खड़ा किया जाना वाहन चालकों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। लोगों ने मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने तथा मुख्य मार्ग पर खड़े रहने वाले भारी वाहनों के संबंध में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराने की मांग की है। घायल खिलेश लिल्हारे ने बताया की बालाघाट से वारासिवनी आ रहे थे सामने से एक वाहन आया जिसके लाइट में मुझे कुछ दिखा नहीं बचने के लिए साइड लिया तो अंधेरे में बीच रास्ते में एक ट्रक खड़ा था। उसमें रेडियम पार्किंग लाइट कुछ नहीं लगी हुई थी इस कारण यह टक्कर हो गई गाड़ी में मैं परिवार के साथ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here