2 बार जीती वर्ल्ड कप ट्रॉफी, अब टूर्नामेंट में खेल पाना भी मुश्किल, वेस्टइंडीज की टीम लगातार दूसरी बार होगी बाहर!

0

नई दिल्ली: दो बार की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। कैरेबियाई टीम आगामी 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने में पूरी तरह नाकाम रही है। आईसीसी की तय कट ऑफ तारीख तक रैंकिंग में टॉप आठ में जगह न बना पाने के कारण वेस्टइंडीज को लगातार दूसरे वनडे विश्व कप में मुख्य टूर्नामेंट में पहुंचने के लिए क्वालीफायर मुकाबले खेलने पड़ेंगे।

आयरलैंड और अफगानिस्तान सीरीज पर टिकी थी उम्मीद

वेस्टइंडीज की किस्मत का फैसला काफी हद तक अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के नतीजों पर टिका हुआ था। गणित यह कहता था कि अगर आयरलैंड की टीम अफगानिस्तान को 4-1 या 5-0 से हरा देती, तो वेस्टइंडीज के पास भारत के खिलाफ अपने दोनों वनडे मैच जीतकर टॉप-8 में जगह बनाने का गणितीय मौका रहता। हालांकि, मैदान पर परिस्थितियां वेस्टइंडीज के मनमुताबिक नहीं रहीं।

आयरलैंड को नहीं मिल पाई है जीत

अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच सीरीज का पहला वनडे मुकाबला बारिश के कारण पूरी तरह धुल गया जबकि दूसरे मैच में अफगानिस्तान ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड को 92 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान ने आईसीसी रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली और आठवां स्थान पक्का कर लिया। नतीजतन, 9वें स्थान पर मौजूद बांग्लादेश से भी काफी पीछे चल रही वेस्टइंडीज के लिए टॉप-8 के सारे दरवाजे पूरी तरह बंद हो गए।

2023 वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाए

लगातार गिरते प्रदर्शन के कारण 2023 के वनडे विश्व कप में भी वेस्टइंडीज की टीम क्वालीफायर राउंड में हारकर बाहर हो गई थी और इतिहास में पहली बार मुख्य वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं बन सकी थी। अब 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए कैरेबियाई टीम को एक बार फिर क्वालीफायर दौर की कठिन चुनौती से गुजरना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here