सोने की चेन-अंगूठी गायब होने से मामला संदिग्ध
जांच पड़ताल में जुटी भरवेली पुलिस
बालाघाट/
जिले के भरवेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जरेरा में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई।जब 24 घंटे से लापता जिला अस्पताल के वार्ड बॉय हेमंत यादव 28 का शव संदिग्ध परिस्थितियों खेत में बरामद हुआ। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया जहरीले कीटनाशक सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि शव से सोने की चेन और अंगूठी गायब मिलने के कारण मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया है। और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत यादव बालाघाट नगर के वार्ड नंबर-1 बूढ़ी स्थित नेमा कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई और बहन की पहले ही शादी हो चुकी है। बताया गया कि 1 अक्टूबर 2024 को पिता रामकिशोर यादव की मृत्यु के बाद हेमंत यादव को अनुकंपा नियुक्ति के तहत जिला अस्पताल में वार्ड बॉय की नौकरी मिली थी। वहीं लगभग डेढ़ माह पूर्व 15 अप्रैल को ही उसकी शादी हुई थी। हेमंत यादव रोजाना नियमित रूप से जिला अस्पताल ड्यूटी पर जाता था। 8 जून को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक की ड्यूटी के लिए वह मोटरसाइकिल से घर से निकला था।लेकिन अस्पताल नहीं पहुंचा और रात तक घर भी वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली थाना बालाघाट में दर्ज कराई थी।परिवार और परिचित लगातार उसकी तलाश कर रहे थे तथा मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे।लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था। मंगलवार सुबह मोबाइल लोकेशन ग्राम जरेरा क्षेत्र में मिलने के बाद परिजन वहां पहुंचे। खेतों में खोजबीन के दौरान हेमंत यादव का शव उसके ही खेत में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल मिली जो साइड स्टैंड में गिरी हुई थी।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पन्द्रों पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं जिला मुख्यालय से एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था, जबकि उसके कपड़े खेत में वही पड़े मिले। तेज धूप के कारण शव काला पड़ चुका था। मोटरसाइकिल साइड स्टैंड पर गिरी हुई थी और उसकी चाबी टंकी के ऊपर रखी मिली।
मौके से स्प्राइट की दो बोतलें, सल्फास का पाउच, खेत में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा की खाली बोतल तथा ब्लू एम्पीयर व्हिस्की का खाली पाव भी बरामद हुआ है। हालांकि मृतक द्वारा पहनी जाने वाली सोने की चेन और अंगूठी गायब पाई गई।जिससे संदेह और गहरा गया है। प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन का प्रतीत हो रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेमंत यादव ने स्वयं जहर खाया या किसी ने उसे जहरीला पदार्थ दिया। शाम हो जाने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को जिला अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया गया है तथा 10 जून को पोस्टमार्टम किया जाएगा।भरवेली थाना पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है।










































