नुआकचॉट: अफ्रीकी देश मॉरिटानिया की सेना में शामिल चीन का BZK005 टोही और अटैक ड्रोन के क्रैश होने की खबर आई है। मॉरिटानियाई सेना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मानवरहित विमान नष्ट हो गया है। रेजोनेंट न्यूज ने यह जानकारी दी है। BZK-005 को चीन के सबसे मशहूर टोही और हमलावर ड्रोनों में गिना जाता है, जिसका इस्तेमाल मॉरिटानिया की सेना करती है। हालांकि, चीनी ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरने ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चीनी BZK-005 की खासियत
- यह चीन में विकसित एक मध्यम-ऊंचाई वाला, लंबी अवधि तक उड़ने वाला ड्रोन है।
- इसके पंखों का फैलाव लगभग 18 मीटर है।
- यह 40 घंटे तक लगातार उड़ान भर सकता है और स्पीड लगभग 170 किमी प्रति घंटा है।
- यह लगभग 1200 किग्रा टेकऑफ वजन और 370 किग्रा पेलोड ले जा सकता है।
- इसका इस्तेमाल विस्तृत टोही अभियान, निगरानी अभियान, लक्ष्य की पहचान और सटीक हमले करने में किया जाता है।
चीन की सेना करती है इस्तेमाल
यह ड्रोन चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की सेवा में भी शामिल है। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी एयर फोर्स BZK-005 ड्रोन का साल 2010 से ही इस्तेमाल कर रही हैं। अगस्त 2024 में जापान के रक्षा मंत्रालय ने इस ड्रोन के ऐसे वैरिएंट की तस्वीर प्रकाशित की, जिसके बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी। यह मानव रहित हवाई विमान जापान के निकट ऑपरेशनल उड़ान भर रहा था।










































