नैरोबी: केन्या में लड़कियों के एक स्कूल के हॉस्टल में भीषण आग लगने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। AFP ने बताया कि मरने वालों में ज्यादातर बच्चे शामिल थे और 73 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेड क्रॉस ने AFP को बताया कि यह आग रात में नकुरू काउंटी के एक बोर्डिंग स्कूल, उतुमिषी गर्ल्स एकेडमी में लगी थी। हालांकि उन्होंने हताहतों की संख्या नहीं बताई। केन्याई रेड क्रॉस ने कहा कि आग गिलगिल इलाके में स्थित उतुमिषी गर्ल्स एकेडमी सीनियर स्कूल में रात करीब 1 बजे लगी थी लेकिन इसकी सूचना दो घंटे से भी ज्यादा समय बाद मिली।
रेड क्रॉस के एक प्रवक्ता ने AFP को बताया “आपातकालीन बचाव दल, एम्बुलेंस कर्मी और हमारे सहायक कर्मचारी इस समय घटनास्थल पर मौजूद हैं।” आग लगने का कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। DW ने बताया कि अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि आग पर काबू पा लिया गया है।










































