भोपाल की गांधी नगर पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर ठगी करने वाले रामानुज उर्फ रामप्रसाद गुर्जर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी करीब 14 साल से अलग-अलग लोगों से लगभग 42 लाख रुपये ऐंठ चुका है। पुलिस ने उसके पास से कलेक्टर और सरकारी दफ्तरों की कई सील बरामद की हैं।
भोपाल: राजधानी की गांधी नगर पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने वाले शातिर ठग रामानुज उर्फ रामप्रसाद गुर्जर (40) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब 14 साल से ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और अब तक अलग-अलग लोगों से लगभग 42 लाख रुपये हड़प चुका है।
एरोसिटी रोड स्थित एमजी रुसिया नगर निवासी रामानुज के खिलाफ अगस्त में रामनारायण गुर्जर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कलेक्टर कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों से अपनी जान-पहचान होने का झांसा देकर आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर 7 लाख रुपये लिए थे। इसमें से 4 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, जबकि शेष 3 लाख रुपये नकद दिए गए थे।
सरकारी सील, सदस्यता कार्ड और नोट गिनते वीडियो मिले
गांधी नगर पुलिस की गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से कलेक्टर और विभिन्न सरकारी कार्यालयों की कई सील बरामद हुई हैं। इसके अलावा उसके पास से भाजपा का एक सदस्यता कार्ड भी मिला है, जिसकी प्रामाणिकता और जारी होने की प्रक्रिया की पुलिस जांच कर रही है। इसी बीच आरोपी के तीन वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह नोट गिनता दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार, ये वीडियो शिकायतकर्ता रामनारायण गुर्जर ने साल 2024 में रकम देते समय रिकॉर्ड किए थे। पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है।
डॉक्टर से 30 लाख ठगकर चुकाया खुद का हाउस लोन
पुलिस को मिली अन्य शिकायतों में सामने आया है कि आरोपी ने परवलिया सड़क इलाके में एक डॉक्टर को प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये वसूले थे। जांच में पता चला है कि ठगी की इस रकम से उसने अपना हाउस लोन चुकाया था।
14 साल पहले जयपुर में भी की थी ऐसी ही ठगी
पुलिस रिकॉर्ड और शुरुआती पूछताछ के मुताबिक, रामानुज का यह तरीका नया नहीं है। करीब 14 साल पहले वह राजस्थान के जयपुर में भी फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ अलग-अलग शहरों से भी ठगी की शिकायतें पुलिस को मिली हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है।










































