कटनी में CM का राहुल गांधी पर निशाना:1962 याद कर लो, चीन ने कितने क्षेत्र पर कब्जा किया था; कहा- राजीव के समय पिद्दी से देश भी डराते थे

0

कटनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चीन के विवाद पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी 1962 याद कर लो। चीन ने भारत के कितने क्षेत्र पर कब्जा किया था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय पिद्दी से देश भी डराते थे। शुक्रवार को राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में मीडिया से कहा था कि चीन हमारे सैनिकों को पीट रहा है। राहुल के बयान के बाद पूरा विवाद शुरू हुआ।

हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी की बैठक में शामिल होने कटनी आए हुए हैं। उन्होंने पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी से पहले पूछना चाहता हूं। 1962 भी याद कर लो राहुल गांधी, तब देश की हालत क्या थी। चीन ने कितने भू भाग पर कब्जा किया था। जब राजीव जी प्रधानमंत्री थे, तब पिद्दी-पिद्दी से देश हमें डराते थे। आज भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। एक वैभवशाली गौरवशाली संपन्न समृद्व और शक्तिशाली भारत का निर्माण उनके नेतृत्व में हो रहा है। हमारे देश कि तरफ देखने की हिम्मत चीन ने की थी, तो हमारी सेना ने चीन के सैनिकों की गर्दन तोड़कर चीन की सीमा पर वापस फेंका था। हमारी सेना का अपमान न करे, केवल बातें न करें। अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कह दिया हैं और कह नहीं रहे हम कर रहे हैं ‘हम किसी को छेड़ेंगे नही लेकिन किसी ने हमें छेड़ा तो उसे हम छोड़ेंगे नही’। एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक सारी दुनिया देख रही हैं। राहुल को पहले 62 देखना चाहिए, उसके बाद बात करना चाहिए।

राहुल ने कहा था- चीन हमारे सैनिकों को पीट रहा
भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर शुक्रवार को जयपुर में राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए चीन के मसले पर विदेश मंत्री को नसीहत दी। उन्होंने कहा है कि विदेश मंत्री जयशंकर को अपनी सोच और समझ बड़ी करनी चाहिए। चीन की तैयारी युद्ध की है। सरकार इस मसले को नजरअंदाज कर रही है और इससे संबंधित जानकारियों को छुपाने की कोशिश कर रही है। चीन युद्ध की तैयारी कर रहा, सरकार सोई हुई है।

हिंदुस्तान की सरकार रणनीतिक रूप से काम नहीं करती, इवेंट बेस काम करती है। जहां जिओ पॉलिटिक्स की बात आती है, वहां इवेंट काम नहीं आते, वहां ताकत काम आती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि चीन पर कोई सवाल नहीं पूछ रहा है। चीन ने 2 हजार स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया। हिंदुस्तान के 20 जवानों को शहीद किया। वे हमारे जवानों को अरुणाचल प्रदेश में पीट रहे हैं।

बैठक निर्मल सत्य गार्डन में हुई शुरू
भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश पदाधिकारी की बैठक निर्मल सत्य गार्डन में शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरली धर राव ने सत्र का शुभारंभ किया। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुग, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कविता पाटीदार, ओमप्रकाश धुर्वे, जयभान सिंह पवैया, फग्गन सिंह कुलस्ते मौजूद सहित कई नेता हैं।

कार्यक्रमों को सफल बनाने पर चर्चा
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने बताया कि बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने पर पार्टी पदाधिकारी चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक हुई थी, इसलिए प्रदेश में एक दिवसीय विस्तारित पदाधिकारियों की बैठक की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here