एक साल में छह खूंखार नक्सलियों को ढेर करने वाले हॉकफोर्स जवानों को एक बार फिर नक्सलियों के मंसूबों को विफल करने में कामयाबी मिली है। लांजी के डाबरी चौकी अंतर्गत घने जंगल में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे नक्सलियों और हॉकफोर्स के बीच एक्सचेंज ऑफ फायर की घटना हुई। ये इस साल की पहली घटना है। जंगल में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन के दौरान हॉकफोर्स के जवानों को देखते हुए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में दोनों पक्षों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने पद्मेश न्यूज से दूरभाष पर चर्चा के दौरान बताया कि एक्सचेंज ऑफ फायर में करीब एक दर्जन नक्सली थे। उस क्षेत्र में मलाजखंड दलम सक्रिय है, इसलिए संभावना है कि नक्सली उसी दलम के थे। हालांकि, इसकी तफ्तीश की जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा की गई फायरिंग का जवाब देने के लिए हॉकफोर्स की पार्टी ने करीब 10 राउंड फायर किए। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों द्वारा गहन सर्चिंग की जा रही है, जो आगे भी जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जवानों ने मौके से नक्सलियों के खाना बनाने के बर्तन, अधपका खाना, चप्पल, गरम कपड़े, पानी की बोतलें, प्लास्टिक शीट सहित भारी मात्रा में रोजमर्रा की सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग होते ही नक्सली पीठ पर पि_ू बैग टांगकर घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है।










































