ईजी मनी के लिए ट्रेडिंग करने वालों की कमाई नहीं:शेयर बाजार में रिटेल निवेशकों की भागीदारी 34 महीनों में सबसे कम

0

शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव बढ़ने का सीधा असर रिटेल निवेशकों की भागीदारी पर हुआ है। घरेलू बाजारों में बीते माह व्यक्तिगत निवेशकों की हिस्सेदारी घटकर 34 महीनों के निचले स्तर पर आ गई। एनएसई पर एक्टिव ट्रेडरों की संख्या भी लगातार आठवें माह घटी है। जनवरी में सेंसेक्स 1,291 अंक टूटा था।

एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, बीते माह कैश मार्केट में रिटेल निवेशकों ने रोजाना औसतन 22,829 करोड़ रु. का लेनदेन किया। ये मार्च 2020 से अब तक का सबसे निचला स्तर है। ये फरवरी 2021 के पीक 58,409 करोड़ से भी 61% कम है। तब से अब तक कुल ट्रांजैक्शंस में रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी 66% से घटकर 44% रह गई।

एनएसई पर लगातार 8वें माह घटे एक्टिव ट्रेडिंग अकाउंट
एनएसई पर जनवरी में एक्टिव ट्रेडिंग अकाउंट की संख्या दिसंबर, 2022 के मुकाबले 3% घटकर 3.4 करोड़ रह गई। इस मामले में लगातार आठवें महीने गिरावट आई। बीते साल जून में ये आंकड़ा 3.8 करोड़ था।

मायूस रॉबिनहुड इन्वेस्टर्स छोड़ने लगे मैदान
एलकेपी सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड एस. रंगनाथन ने कहा कि मौजूदा माहौल तनाव भरा है। ऐसे में बाजार में टिकने के लिए काफी सब्र की जरूरत होती है। रिटेल निवेशकों में इतना सब्र नहीं होता। उन्होंने रिटेल निवेशकों की भागीदारी घटने की तीन वजहें गिनाईं..

  1. कोविड के दौर में जिन्होंने आसानी से पैसा बनाने के लिए शेयर ट्रेडिंग शुरू की थी (रॉबिनहुड इन्वेस्टर्स) वे अब मैदान छोड़ रहे हैं।
  2. बीते एक साल से सेंसेक्स और निफ्टी समेत किसी भी इंडेक्स ने कोई रिटर्न नहीं दिया है। इससे रिटेल निवेशकों को काफी मायूसी हुई।
  3. कोविड संबंधी पाबंदियों के चलते जिन लोगों का बिजनेस ठप हो गया था या नौकरी चली गई थी, वे अपने-अपने काम में लग गए हैं।

कुछ महीनों से नहीं हुई कमाई
एक्सिस सिक्युरिटीज के एमडी बी. गोपकुमार ने कहा, ‘कुछ महीनों में रिटेल निवेशकों ने शेयर बाजार से ज्यादा कमाई नहीं की है। इस बीच मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव का रिटेल निवेशकों की भागीदारी पर असर होना स्वाभाविक है।’

रिटेल निवेशक इसलिए निराश
रिटेल निवेशक छोटी कंपनियों के शेयर ज्यादा पसंद करते हैं। एक साल से इस कैटेगरी के शेयरों में गिरावट आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here