ईरान ने एआई से तैयार करीब 100 सेकंड का धमकी भरा वीडियो जारी कर अमेरिका की तीन बड़ी टेक कंपनियों अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और एलन मस्क की स्पेसएक्स को निशाने पर लिया है। वीडियो में कंपनियों के मुख्यालयों पर ड्रोन हमले दिखाए गए हैं। ईरान ने इन कंपनियों पर अमेरिका और इजरायल के सैन्य अभियानों में सहयोग करने का आरोप लगाते हुए माफी और हर्जाने की मांग की है।
US Iran Conflict: भले ही अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति नहीं बन रही, लेकिन दोनों देश एक दूसरे को उकसाने में पीछे नहीं हट रहे। एक तरफ जहां दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर बातचीत चल रही है। वहीं, दूसरी ओर ईरान की ओर से एक एआई वीडियो शेयर किया गया है, जो अमेरिका को फिर से नाराज करने के लिए काफी है।
दरअसल, ईरान ने अमेरिका की तीन बड़ी टेक कंपनियों अमेजन (Amazon), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और एलन मस्क की कंपनी की स्पेसएक्स को निशाने पर लेते हुए एक धमकी भरा वीडियो जारी किया है। खास बात यह है कि इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है। इसमें तीनों कंपनियों के मुख्यालयों पर ड्रोन हमले होते और इमारतों को आग की लपटों में घिरते दिखाया गया है।
ईरानी सरकारी मीडिया की ओर से जारी इस वीडियो में अमेरिकी टेक कंपनियों पर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो के जरिए कंपनियों को चेतावनी दी गई है कि वे अपने कथित सैन्य सहयोग के लिए माफी मांगें और हर्जाना दें, अन्यथा उन्हें भीषण परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाए गए हमले वास्तविक नहीं हैं, बल्कि AI से तैयार किए गए काल्पनिक दृश्य हैं।
100 सेकंड के वीडियो में है क्या?
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की समाचार एजेंसी मेहर (Mehr News Agency) ने गुरुवार को अपने टेलीग्राम चैनल पर यह वीडियो साझा किया था। करीब 100 सेकंड के इस वीडियो में एक समूह को ड्रोन के जरिए अमेरिकी टेक कंपनियों के मुख्यालयों पर हमला करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और एलन मस्क की स्पेसएक्स की इमारतों पर ड्रोन हमलों के बाद विस्फोट होते दिखाई देते हैं। इमारतों को आग की लपटों में घिरा हुआ भी दिखाया गया है।
वीडियो की शुरुआत अंग्रेजी में एक नैरेटर की आवाज से होती है। इसमें कहा जाता है कि बच्चों के हत्यारों को यूं ही नहीं छोड़ा जाएगा। इसके बाद अमेरिकी नागरिकों और कंपनियों के बीच अंतर बताते हुए कहा जाता है कि अमेरिकी लोगों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, लेकिन संबंधित कंपनियों के लिए यह एक चेतावनी है। वीडियो के आखिर में अमेरिका को संदेश देते हुए कहा जाता है, ‘पश्चाताप या विनाश? चुनाव तुम्हारा है, अमेरिका।’
अमेरिकी टेक कंपनियों पर क्या आरोप लगा रहा है ईरान?
ईरानी सरकारी मीडिया ने इन कंपनियों पर अमेरिका और इजरायल की सैन्य इकाइयों के साथ कथित गुप्त सहयोग करने का आरोप लगाया है। ईरान का दावा है कि ये कंपनियां उसकी धरती पर किए गए सैन्य अभियानों में मदद कर रही हैं।
वीडियो में पेंटागन की एक प्रेस रिलीज का दृश्य भी दिखाया गया है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी साझेदारियों का जिक्र है, जिनमें Amazon Web Services, SpaceX और Microsoft शामिल हैं। ईरानी मीडिया का आरोप है कि सैन्य गतिविधियों में सहयोग करने वाली कंपनियों को इसकी कीमत चुकानी होगी। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों के समर्थन में स्वतंत्र रूप से कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।
मिनाब स्कूल हमले का बदला लेने की बात
ईरान की इस धमकी में दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर में हुए स्कूल हमले का भी जिक्र किया गया है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के सैन्य अभियान के पहले दिन शाजरेह तैयबेह (Shajareh Tayyebeh) प्राथमिक स्कूल पर मिसाइल हमला हुआ था।
संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 165 छात्राओं की मौत हुई थी। ईरानी मीडिया ने इस घटना का हवाला देते हुए अमेरिकी और इजरायली सैन्य इकाइयों के साथ कथित तौर पर सहयोग करने वाली कंपनियों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की है। ईरान का संदेश है कि उसके नागरिकों और बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। इसी आधार पर अमेरिकी टेक कंपनियों को भी चेतावनी दी गई है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 24 नवंबर को न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में कहा था कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के लिए फिलहाल जनवरी 2027 के अंत तक फंडिंग उपलब्ध है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि ईरान की नौसेना, वायुसेना, एयर डिफेंस सिस्टम और नेतृत्व को काफी कमजोर कर दिया गया है। ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिकी डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस में बहुमत मिलने के बाद सैन्य अभियान को रोकने की कोशिश की, तो वे अमेरिका की कथित सैन्य जीत को हार में बदल सकते हैं।










































