पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। क्षेत्र में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। लगातार बढ़ते पारे और चिलचिलाती धूप के कारण आम जनजीवन तो प्रभावित हो ही रहा है साथ ही अत्यधिक लोड के कारण बिजली उपकरणों में आगजनी के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला शनिवार की दोपहर में नगर के वार्ड नंबर ११ हैदराबाद मोहल्ले से प्रकाश में आया जहाँ एक विद्युत पोल पर लगे प्लास्टिक के डिब्बे जंक्शन बॉक्स में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफ रा तफ री का माहौल निर्मित हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर ११ हैदराबाद मोहल्ले में शनिवार की सुबह तक स्थिति पूरी तरह सामान्य थी और विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही थी। लेकिन दोपहर करीब १०.३०बजे अचानक एक तेज आवाज धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते पोल पर तारों के कनेक्शन के लिए लगे प्लास्टिक के बॉक्स ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा बॉक्स तेज लपटों के साथ धू.धू कर जलने लगा। इस हादसे के कारण वार्ड की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। विद्युत पोल पर भडक़ती आग और आसमान में उठते काले धुएं को देखकर स्थानीय निवासियों ने सूझबूझ का परिचय दिया। वार्ड वासियों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और विद्युत विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन के साथ फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद पोल पर लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया। आगजनी की इस घटना से मोहल्ले की बिजली गुल हो गई जिससे स्थानीय निवासियों को इस तपती गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की तकनीकी टीम भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। विभाग के कर्मचारियों के द्वारा प्रभावित पोल पर तत्काल सुधार कार्य रेस्टोरेशन वर्क प्रारंभ कर दिया गया । ताकि जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके। विदित है कि लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण बिजली के तारों और ट्रांसफ ार्मर पर ओवरलोड बढ़ जाता है। अत्यधिक गर्मी की वजह से प्लास्टिक बॉक्स और केबल गर्म होकर शॉर्ट सर्किट का शिकार हो रहे हैं। विद्युत विभाग ने भी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे दोपहर के समय भारी उपकरणों का सीमित उपयोग करें और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत बिजली दफ्तर को सूचित करें।










































