महंगाई पर कांग्रेस का हल्लाबोल, नारेबाजी के बीच फूंका सरकार का पुतला

0

शक्कर बांटकर सरकार से मांगा जवाब,काली पुतली से बस स्टैंड तक किया जनसंवाद
कहा-बढ़ती कीमतों से परेशान आम आदमी की थाली आखिर कब होगी सस्ती?
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। बढ़ती महंगाई और शक्कर की कीमतों में इजाफे को लेकर गुरुवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ हल्लाबोल किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में शक्कर लेकर काली पुतली चौक से बस स्टैंड तक आम नागरिकों से सीधा संवाद किया, उन्हें शक्कर वितरित की और बढ़ती कीमतों को लेकर उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं। इसके बाद सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।कांग्रेस ने प्रदर्शन के माध्यम से सरकार पर आम जनता को महंगाई से राहत नहीं देने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों के बीच आम आदमी की थाली आखिर कब सस्ती होगी। नेताओं ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक बोझ गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।

हाथों में शक्कर लेकर बाजार पहुंचे कांग्रेसी
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन इस बार कुछ अलग अंदाज में नजर आया। कार्यकर्ता हाथों में शक्कर लेकर बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचे तथा लोगों से सीधे बातचीत की। आम नागरिकों से पूछा गया कि बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों का उनके घरेलू बजट पर कितना असर पड़ रहा है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर हर घर की जरूरत की वस्तु है और इसकी बढ़ती कीमत आम परिवारों की रसोई पर सीधा असर डाल रही है। शक्कर वितरण के माध्यम से लोगों की प्रतिक्रिया जानकर कांग्रेस ने इसे जनसंवाद और महंगाई के खिलाफ विरोध का माध्यम बनाया।

नारेबाजी कर फूंका पुतला, काली पुतली से बस स्टैंड तक गूंजे विरोध के स्वर
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काली पुतली चौक से बस स्टैंड क्षेत्र तक पहुंचे। रास्ते में आम नागरिकों से बातचीत की गई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के समापन पर पुतला दहन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।कार्यकर्ताओं का कहना था कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ गया है। कांग्रेस ने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण कर जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।

महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी—संजय उइके
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय उइके ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। रसोई से जुड़ी रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ रहा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल मंच से भाषण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को जानने और उनकी आवाज को शासन तक पहुंचाने का काम कर रही है। शक्कर वितरण भी इसी जनसंवाद का हिस्सा है। उन्होंने सरकार से तत्काल महंगाई पर नियंत्रण कर आम जनता को राहत देने की मांग की।

जनता परेशान, सरकार दे जवाब—श्याम पंजवानी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि यह केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं, बल्कि महंगाई से परेशान आम जनता के साथ सीधा संवाद है। कांग्रेस कार्यकर्ता शक्कर बांटकर लोगों से यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि बढ़ती कीमतों का उनकी रसोई और घरेलू बजट पर कितना असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है और कांग्रेस उसकी आवाज बनकर सड़क से लेकर शासन तक संघर्ष जारी रखेगी। शक्कर सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाना चाहिए, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिल सके।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय उइके, अनूप सिंह बैस, श्याम पंजवानी, शफकत खान, अनिल बनोटे, अल्लाह रखा, दयाल वासनिक, जीतू बर्वे, शिवम शर्मा, राम सिंह भाटिया, शमीम सिद्दीकी, श्रीनिवास राव, कारो लीलहारे, श्रीकृष्णा डींगरू, अनिल सोनी, राजू यादव, मकसूद खान, डॉ. मुकेश वर्कड़े, केवल सिंह झरिया, अफरोज कुरैशी, संतोष भाई, सर आशीष शुक्ला, शानू राय, जुबैद अंसारी, विनोद बांधकर, दुर्गा बरकड़े, पंकज बौद्ध और प्रकाश पप्पू मदनकर सहित जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here