हम यहां बाजार जीतने नहीं आए,’ ₹3 लाख का दांव और अब ₹2 करोड़ का टर्नओवर, ऐसे पलटी किस्‍मत

0

नई दिल्‍ली: यह कहानी है मुंबई के रहने वाले अमन सेन की। उन्‍होंने लीक से हटकर अपना खुद का रास्‍ता बनाया। कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़कर उन्‍होंने कारोबार की ओर रुख किया। अपनी मेहनत के दम पर बेहद सफल फूड ब्रांड खड़ा कर दिया। इसका नाम BenneBae है। सिर्फ 3 लाख के शुरुआती निवेश से डोंबिवली की एक छोटी सी 10×10 फीट की दुकान से इसकी शुरुआत हुई। आज इसका सालाना टर्नओवर 2 करोड़ रुपये का है। यह फूड स्‍टार्टअप शुद्ध मक्खन से भरपूर ‘बेन्‍ने डोसा’ बेचता है। आइए, यहां अमन सेन की सफलता के सफर के बारे में जानते हैं।साल 2016 में 10वीं और फिर साइंस स्ट्रीम से 12वीं करने के बाद अमन सेन ने सेल्स की बुनियादी बातें सीखीं। ‘रिच डैड पुअर डैड’ किताब पढ़कर बिजनेस की दुनिया की तरफ आकर्षित हुए। मुंबई यूनिवर्सिटी से बीएससी आईटी और फिर बीएमएम की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए कॉल सेंटर में नौकरी की। क्रिकेट कोचिंग में हाथ आजमाया। फिर ‘सिनेमैजिक प्रोडक्शंस’ नाम से एक सफल वेडिंग और कमर्शियल फोटोग्राफी कंपनी की शुरुआत की। इसी दौरान साल 2022 में बेंगलुरु में एक लग्जरी शादी की शूटिंग पड़ी। इस दौरान उन्होंने वहां के पारंपरिक ‘बेन्‍ने डोसा’ का स्वाद चखा। डोंबिवली-कल्याण क्षेत्र में इस असली स्वाद की कमी को भांपते हुए उन्होंने मार्च 2025 में अपने फूड स्‍टार्टअप की नींव रखी।अमन ने अपनी सेविंग और पिता के आर्थिक सहयोग से करीब 3 लाख रुपये के शुरुआती निवेश से डोंबिवली की एक छोटी दुकान में अपना पहला आउटलेट बनाया। बजट सीमित था। इस कारण उन्होंने अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करके खुद ही रेस्तरां का मेनू बोर्ड डिजाइन किया। अमन ने पारंपरिक विज्ञापनों या महंगे इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग पर पैसे खर्च नहीं किए। इसके बजाय अपनी सिनेमैटोग्राफी की कला का इस्तेमाल किया। दुकान के निर्माण के दौरान के पर्दे के पीछे के वीडियो और संघर्षों को सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू किया। इस रियल कंटेंट ने लॉन्च से पहले ही ग्राहकों में इतना क्रेज पैदा कर दिया कि उद्घाटन के पहले ही दिन दुकान खुलने से पहले 50 से अधिक ग्राहक कतार में खड़े थे। सारा स्टॉक सिर्फ 30 मिनट में बिक गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here