बॉन: हिटलर का देश जर्मनी एक बार फिर से अपनी सेना को मजबूत कर रहा है। इजरायल से एरो एयर डिफेंस सिस्टम लेने के बाद अब जर्मनी अपनी मारक क्षमता को मजबूत करने में जुट गया है। जर्मनी अमेरिका से 400 टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें खरीद रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से इसको सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल गई है। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने तुर्की में नाटो के शिखर बैठक के दौरान इस डील का ऐलान किया। इसके अलावा जर्मनी 3 टायफून , एंटी शिप मिसाइल सिस्टम भी लेने जा रहा है। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने अभी तक इस सौदे का कोई औपचारिक रूप से सार्वजनिक ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि रूस के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए जर्मनी अपनी सेना को जंग के लिए तैयार कर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी 400 टॉमहॉक ब्लॉक वीबी मिसाइल और 3 लांचर खरीदना चाहता है। एक्सपर्ट का कहना है कि जर्मनी के लिए अमेरिकी क्रूज मिसाइल हासिल करना बेहद अहम है। अभी जर्मनी के पास लंबी दूरी तक मार करने वाली केवल Taurus मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता 500 किमी है। टॉमहॉक मिसाइल की रेंज 1600 किमी है। इस मिसाइल की मदद से जर्मनी अपनी जमीन से ही रूस पर मिसाइल हमला करने में सक्षम हो जाएगा। वहीं रूस की बात करें तो उसके पास यूरोप को कई बार तबाह करने लायक मिसाइल ताकत है।












































