वारासिवनी। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत थानेगाँव के समीप एक तेज रफ्तार बाइक द्वारा ओवरटेक करने के चक्कर में दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना के बाद एक वाहन का चालक मौके पर ही अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोथुरना निवासी सेवाराम इडपाचे अपने 10 वर्षीय पुत्र आरजू इडपाचे के साथ बाइक पर सवार होकर ग्राम पाथरी स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। वे अपने साथ गेहूं और चना लेकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक थानेगाँव के पास नाले के समीप गोलाई मोड़ पर पहुँची, तभी वारासिवनी से थानेगाँव की ओर जा रहे एक अन्य बाइक सवार ने लापरवाही पूर्वक ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सेवाराम इडपाचे को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत निजी वाहन द्वारा वारासिवनी सिविल अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार इस घटना में दूसरे घायल का नाम लोकेश शिवहरे 20 वर्ष निवासी खैरलांजी बताया जा रहा है।
पुलिस ने वाहन किए जब्त, जाँच शुरू
टक्कर मारने वाला चालक घटना के बाद अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भागने में सफल रहा। हादसे का शिकार हुए वाहनों के नंबर एम पी 50 के जेड 2892 और एम पी 38 जेड बी 7488 हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर थाने पहुँचा दिया है।









































