मुरैना। केटरिंग से भरी आइसर केंटर (ट्रक) पर बैठे एक मजदूर का सिर के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन से टकरा गया, इसके बाद पूरी गाड़ी में करंट फैल गया। हादसे में आगरा के दो मजदूरों की मौत हो गई, जिनमें एक नाबालिग है। रविवार की दोपहर यह हादसा मुरैना के बसैया गांव में हुआ है। माता बसैया थाना क्षेत्र के चंदू का पुरा गांव निवासी गब्बर गुर्जर के यहां आखातीज रविवार को शादी समारोह था, जिसमें भोजन व्यवस्था के लिए उन्होंने आगरा से हलवाई व केटरिंग का सामान मंगवाया था।आगरा से आए थे मजदूर और केटरिंग का सामान
आगरा के काले महल कैटर्स से कैटरिंग का सामान आया, उसके साथ ठेकेदार अभिषेक व मैनेजर देवेंद्र नौ मजदूर लेकर आए। नौ मजदूर विक्की, आलोक, पीयूष, समीर, अब्दुल, बिट्टू, शिवा, रिंकू और अन्नू कैटरिंग के सामान व ट्रक यूपी 80 ईटी 2496 की केबिन के ऊपर बैठे हुए थे। चंदू का पुरा गांव में जहां गब्बर गुर्जर की शादी का आयोजन था, वहां कैटरिंग सामान को उतारने के लिए ड्राइवर ने ट्रक को बैक करके पीछे लिया, इसी दौरान बिजली लाइन ट्रक के ऊपर आ गई।









































