Akshaya Tritiya आज है। इस शुभ दिन पर बहुत सारे लोग सोने-चांदी, फ्लैट या कार की खरीदारी करते हैं। अगर आप भी इस शुभ मूर्हत में फ्लैट खरीदने जा रहे हैं तो कुछ बातों का खास ख्याल रखें। सिर्फ बिल्डर के ‘डिस्काउंट’ के चक्कर में पड़ कर घर नहीं खरीदें। यह देखें कि आपकी जरूरत क्या है और वह डिस्काउंट में दिया जा रहा है क्या? क्योंकि घर एक बड़ा निवेश होता है? इसलिए निवेश काफी सोच-समझ कर करें। अगर आपको बिल्डर फ्लैट की बुकिंग पर सोने के सिक्के, एसी-फ्रीज या टूर पैकेज दे रहा हैं तो पहले देखें कि क्या इसके लिए ही घर बुक करना चाहिए? आइए आपको बताते हैं कि फ्लैट की बुकिंग से पहले क्यों बिल्डर के ऑफर्स को खरीदारी का पैमाना नहीं बनना चाहिए और किन बातों का ख्याल जरूर रखना चाहिए।
क्या अक्षय तृतीया पर प्रॉपर्टी की बिक्री बढ़ जाती है?
इंडस्ट्री के जानकारों के मुताबिक, डेवलपर्स को आमतौर पर अक्षय तृतीया के आस-पास पूछताछ और बुकिंग में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलती है। कुछ बाजारों में तो रजिस्ट्रेशन भी काफी बढ़ जाते हैं। यह बढ़ोतरी कुछ हद तक भावनात्मक और कुछ हद तक व्यावहारिक है, क्योंकि डेवलपर्स इस त्योहार के आस-पास नई इन्वेंट्री और ऑफर्स पेश करते हैं। यह बढ़ोतरी आमतौर पर रेडी-टू-मूव, हाई-एंड और अच्छी कनेक्टिविटी वाले प्रोजेक्ट्स में सबसे ज्याद होती है।
क्या ऑफर्स से खरीदारों को फायदा होता है?
रियल एस्टेट एक्सपर्ट का कहना है कि अक्षय तृतीया पर ऑफर्स पाने का एक बेहतरीन समय हो सकता हैं, लेकिन तभी जब ऑफर्स से घर की असल कीमत कम हो रही हो। डिस्काउंट, स्टांप ड्यूटी और फ्लोर राइज में छूट, मुफ्त घरेलू सामान, और आसान पेमेंट प्लान, ये सभी चीज़ें आपके लिए फायदेमंद हो सकती हैं। हालांकि, खरीदारों को यह पक्का कर लेना चाहिए कि कहीं ये ऑफर्स सिर्फ बेस प्राइस बढ़ाकर, कोई हीडेन चार्ज जोड़कर, या पेमेंट के तरीकों को मुश्किल बनाकर खरीदारों से ज्यादा पैसे ऐंठने का कोई तरीका तो नहीं हैं।
बुकिंग से पहले इन बातों पर गौर करना चाहिए
अलग-अलग निवेशकों के लिए, रियल एस्टेट का यह बदलता हुआ मार्केट इस बात पर जोर देता है कि कीमत के साथ-साथ कानूनी स्पष्टता, कंस्ट्रक्शन की क्वालिटी, जगह और लंबे समय तक इस्तेमाल जैसी बुनियादी बातों के बीच सही संतुलन है या नहीं? बारिश के पानी को जमा करने या ऊर्जा बचाने जैसी सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी खूबियां प्रोजेक्ट में है या नहीं?
होम बायर्स के लिए एक्सपर्ट टिप्स
दिग्गज रियल एस्टेट एक्सपर्ट और अंतरिक्ष इंडिया के सीएमडी राकेश यादव बताते हैं कि होम बायर्स को ‘शुभ मुहूर्त’ और ‘शुभ डील’ के बीच अंतर समझना चाहिए। ऑफर्स का लाभ उठाएं, लेकिन उसे निर्णय लेने का मुख्य कारण न बनाएं। निर्णय हमेशा ‘RERA, Location, और Legal Document’ के आधार पर ही लें। फ्लैट बुक करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि प्रोजेक्ट RERA रजिस्टर्ड हो, टाइटल डीड क्लियर हो और बिल्डर का पास्ट ट्रैक रिकॉर्ड कैसा है। याद रखें, एक शुभ मुहूर्त पर किया गया निवेश तभी फलदायी होता है जब वह कानूनी रूप से सुरक्षित और भविष्य की वैल्यू के लिहाज से मजबूत हो।









































