Why banks charge other bank ATM fees: वैसे तो आज के डिजिटल समय में हर काम ऑनलाइन पेमेंट के साथ पूरे होने लगे हैं, जिसकी वजह से हर बार जेब में कैश की जरूरत महसूस नहीं होती। लेकिन कई बार कुछ कामों के लिए ATM से कैश की जरूरत होती है। ATM से कैश निकालते हैं तो आपने ध्यान दिया होगा कि जब किसी दूसरे बैंक के ATM से कैश निकालते हैं खाते से अतिरिक्त चार्ज काट लिया जाता है। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर दूसरे बैंक के ATM इस्तेमाल करने पर बैंक शुल्क क्यों लेते हैं। इसके पीछे सिर्फ कैश निकालने की सुविधा नहीं, बल्कि एक बड़ा बैंकिंग नेटवर्क और कई तरह के खर्च जुड़े होते हैं। आइए जानते हैं दूसरे बैंक के ATM से ट्रांजैक्शन पर चार्ज क्यों लगता है।इंटरबैंक ट्रांजैक्शन फीस
जब कोई व्यक्ति दूसरे बैंक (Bank) के ATM से पैसे निकालता है, तो इसमें दो बैंक शामिल होते हैं। पहला ग्राहक का बैंक और दूसरा ATM का मालिक बैंक। इन दोनों बैंकों के बीच जानकारी का आदान-प्रदान पेमेंट नेटवर्क के जरिए होता है। यह नेटवर्क RuPay, Visa या Mastercard जैसी कंपनियां संभालती हैं। ATM वाला बैंक ग्राहक को कैश देता है और इसके बदले उसे एक इंटरचेंज फीस मिलती है। यह इंटरचेंज फीस ग्राहक के बैंक द्वारा दूसरे बैंक को दी जाती है। बाद में बैंक इस खर्च का कुछ हिस्सा ग्राहक से वसूल करता है। यही वजह है कि फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने के बाद दूसरे बैंक के ATM इस्तेमाल करने पर चार्ज देना पड़ता है।नेटवर्क सर्विस चार्ज
इसके अलावा पेमेंट नेटवर्क कंपनियां भी अपनी सेवाओं के लिए शुल्क लेती हैं। ये कंपनियां कार्ड की जानकारी जांचने, ट्रांजैक्शन को मंजूरी देने और दोनों बैंकों के बीच भुगतान पूरा कराने का काम करती हैं। सुरक्षित और तेज ट्रांजैक्शन के लिए मजबूत तकनीकी सिस्टम की जरूरत होती है, जिस पर लगातार खर्च होता है।
एटीएम की मेंटेनेंस लागत
बैंक केवल ATM खर्च ही नहीं, बल्कि अपने पूरे बैंकिंग सिस्टम को चलाने के लिए भी बड़ी रकम खर्च करते हैं। इसमें टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर, कस्टरम सर्विस, साइबर सुरक्षा और नियमों का पालन करने जैसे खर्च शामिल होते हैं। इसलिए ATM शुल्क को बैंक अपने ऑपरेशन खर्च का हिस्सा मानते हैं। इसे ऐसे समझे कि ATM नेटवर्क को चलाना बैंकों के लिए काफी महंगा काम होता है। एक ATM मशीन खरीदने, उसे इंस्टॉल करने और सही जगह पर लगाने में बड़ा खर्च आता है। इसके अलावा मशीन को लगातार चालू रखने के लिए बिजली, इंटरनेट और तकनीकी देखरेख की जरूरत पड़ती है। बैंक नियमित रूप से ATM की मरम्मत और अपडेट पर भी पैसा खर्च करते हैं, ताकि ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सिर्फ मशीन लगाना ही नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा भी एक बड़ा खर्च होता है। ATM पर CCTV कैमरे, सिक्योरिटी सिस्टम और कैश भरने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ती है। कई बार कैश पहुंचाने के लिए बख्तरबंद गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता है। इन सभी खर्चों को संभालने के लिए बैंक कुछ लेनदेन पर शुल्क लेते हैं, खासकर तब जब ग्राहक किसी दूसरे बैंक का ATM इस्तेमाल करता है।










































