सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी कॉल पर डॉक्टर कितनी मुस्तैदी से अस्पताल पहुंचते हैं, इसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की टीम ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात सिविल अस्पताल बैरागढ़ में ‘सीक्रेट ऑपरेशन’ चलाया। रात 12 बजे जब अस्पताल का स्टाफ गहरी नींद या सुस्ती में था, तब अचानक टीम ने पहुंचकर एक गंभीर गर्भवती महिला के आने की सूचना दी, जिससे अस्पताल में खलबली मच गई।सीएमएचओ डा. मनीष शर्मा के निर्देश पर की गई यह मॉकड्रिल इतनी गोपनीय थी कि अस्पताल अधीक्षक तक को इसकी भनक नहीं लगने दी गई। निरीक्षण दल ने ड्यूटी डॉक्टर और नर्स को सख्त हिदायत दी कि टीम के आने की जानकारी किसी को न दी जाए।









































