नई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को भारी गिरावट आई। इस कारण अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में 4.44 अरब डॉलर की गिरावट आई और उनके हाथ से एशिया के सबसे बड़े रईस की कुर्सी निकल गई। ब्लूमबर्ग के मुताबिक चीन की कंपनी ByteDance के फाउंडर झांग यिमिंग अब उनसे आगे निकल गए हैं। हालांकि दोनों की नेटवर्थ 105 अरब डॉलर है लेकिन दशमलव के बाद की गणना में यिमिंग आगे हैं।
अडानी एशिया में दूसरे और दुनिया में 20वें नंबर पर खिसक गए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 20.4 अरब डॉलर की तेजी आई है। दूसरी ओर यिमिंग की नेटवर्थ 40.3 अरब डॉलर बढ़ी है। वह दुनिया में 18वें नंबर पर पहुंच गए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में उनकी नेटवर्थ तेजी से बढ़ी है। इस महीने उनकी संपत्ति में $12 बिलियन से अधिक का उछाल आया।
कौन-कौन हैं टॉप 5 में
इस बीच एलन मस्क इस लिस्ट में पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी नेटवर्थ 892 अरब डॉलर है। मंगलवार को इसमें 24.8 अरब डॉलर की गिरावट आई। इस साल उनकी नेटवर्थ में 273 अरब डॉलर की तेजी आई है। इस लिस्ट में लैरी पेज ($295 अरब) दूसरे, सर्गेई ब्रिन ($274 अरब) तीसरे, जेफ बेजोस ($274 अरब) चौथे और माइकल डेल ($253 अरब) पांचवें नंबर पर हैं।
भारत की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 81.3 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में 23वें नंबर पर हैं। मंगलवार को उनकी नेटवर्थ में 1.78 अरब डॉलर की गिरावट आई। वैसे इस साल वह 26.4 अरब डॉलर गंवा चुके हैं।








































