जापान में 7.4 की तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी, तबाही की आशंका

0

जापान में सोमवार को 7.4 की तीव्रता का भूकंप आया है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि सोमवार दोपहर को देश के उत्तर-पूर्वी तट के पास 7.4 की शुरुआती तीव्रता वाला भूकंप आया। इस तीव्रता का भूकंप बहुत ज्यादा नुकसान कर सकता है। भूकंप के बाद एजेंसी ने इवाते आओमोरी और होक्काइडो प्रांतों में 3 मीटर (9.84 फीट) तक ऊंची सुनामी आने की चेतावनी दी है। ऐसे में बड़े नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।

जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र प्रशांत महासागर में था और यह 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। जापान के भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता ‘ऊपरी 5’ मापी गई। ये इतनी तेज थी कि लोगों का इधर-उधर चलना-फिरना मुश्किल हो गया। जापान के इवाते प्रान्त, होक्काइडो के प्रशांत तट के मध्य भाग और आओमोरी प्रान्त के प्रशांत तट के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई है। मियागी और फुकुशिमा प्रान्तों के लिए भी परामर्श जारी किए गए हैं।

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है जापान

जापान दुनिया के उन देशों में शुमार है, जहां बहुत ज्यादा भूकंप आते हैं। प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर पर होने के चलते यहां कई टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं। इसकी वजह से जापान में भूकंप आते रहते हैं। सुनामी आने के लिहाज से भी जापान संवेदनशील है। जापान में अक्सर सुनामी से नुकसान होता है।

जापान में बहुत ज्यादा भूकंप आते हैं। इसे देखते हुए यहां इस तरह के इंतजाम किए गए हैं, जिससे कम से कम नुकसान हो। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने आधुनिक भूकंप चेतावनी प्रणाली विकसित की है और समुद्र में सुनामी सेंसर का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया है। इससे भूकंप और सुनामी आने का आंकलन किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here