नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के कप्तान के साथ ही बल्ले से श्रेयस अय्यर का जलवा देखने को मिल रहा है। पंजाब किंग्स अभी तक लीग की एकमात्र अजेय टीम है। 4 पारियों में अय्यर के 203 रन हैं। उनका औसत 67 और स्ट्राइक रेट 188 का है। पहले बैटिंग हो या फिर रन चेज, अय्यर का कोई जवाब नहीं है। यही वजह है कि अब श्रेयस अय्यर को भारत के अगले टी20 कप्तान के रूप में भी देखा जाने लगा है।
सूर्यकुमार यादव के बल्ले से काफी समय से निरंतर रन नहीं निकल रहे हैं। वह 35 साल के भी हो चुके हैं। ऐसे में चयनकर्ता जब भी कप्तान को बदलने का फैसला करते हैं तो श्रेयस अय्यर पहले विकल्प हो सकते हैं। बीसीसीआई के सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, ‘अय्यर ने आखिरी T20I मैच 2023 में खेला था। वह मौजूदा टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। उन्हें वापस लाना और सीधे ही कप्तानी सौंप देना एक बड़ा फैसला है। अभी सारा ध्यान 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर चला गया है, जिससे चयनकर्ताओं को टी20 में नेतृत्व परिवर्तन की योजना बनाने के लिए कुछ राहत मिली है।’2018 से कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर
2018 सीजन के बीच में गौतम गंभीर ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी छोड़ी थी। तब यह जिम्मेदारी 23 साल के श्रेयस अय्यर को मिली थी। 2019 में उन्होंने दिल्ली को प्लेऑफ में पहुंचाया तो 2020 में टीम ने फाइनल खेला। 2022 में अय्यर केकेआर में आ गए। 2024 में केकेआर ने उनकी कप्तानी में आईपीएल का खिताब जीता। 2025 में पंजाब किंग्स में पहुंचे और टीम को फाइनल तक लेकर गए।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। हालांकि सूर्या लंबे समय से फॉर्म से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2026 में उनका बल्ला नहीं चल रहा है। आईपीएल में सूर्या कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं।









































