तीन साल की उम्र से ही संगीत सीखने में रुचि रखने वाली रत्निका ने बचपन में ही ठान लिया था, कि वे अपने गायक बनने के सफर को जरूर पूरा करेंगी। इन्होंने छोटी सी उम्र में ही देशभर में अपनी आवाज का जादू बिखेर कर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 13 वर्षीय रत्निका श्रीवास्तव हाल ही में एक रिएलिटी शो में टॉप 6 प्रतिभागियों में शामिल हो, अपने शहर वापस लौटी हैं। रविवार की शाम डुमना एयरपोर्ट पर रत्निका के मुंबई से वापस लौटने पर उनके परिवार व शुभचिंतकों ने उनका शानदार स्वागत किया। रत्निका ने सिंगिंग रियलिटी शो में अपनी हर एक प्रस्तुति बेहतरीन दी, जिसके लिए निर्णायकों ने उनकी प्रतिभा को काफी सराहा। सिर्फ इतना ही नहीं गायकी के साथ उनके आव-भाव को भी निर्णायकों ने काफी पसंद किया। रत्निका ने संगीत की शिक्षा अपने दादा राजनारायण श्रीवास्तव के साथ ही अपने पिता ऋषभ और मां डॉ. कीर्ति श्रीवास्तव से ली है। रत्निका इससे पहले भी कई सारे रिएलिटी शो का हिस्सा बन चुकी हैं। रिएलिटी शो में चयन को लेकर रत्निका ने बताया कि इस शो के लिए उन्होंने आनलाइन ऑडिशन दिए। लगभग 5 ऑडिशन देने के बाद वो देशभर से चुने गए 20 प्रतिभागियों में शामिल हो सकीं।कोरोना के कारण आनलाइन ऑडिशन हुए 20 चुने गए प्रतिभागियों को मुंबई बुलाया गया। रत्निका अपने पिता ऋषभ श्रीवास्तव के साथ मुंबई में इस शो का हिस्सा बनने पहुंचीं। शो का अनुभव बहुत अच्छा रहा। वहां रहकर जाने माने गायकों से काफी कुछ सीखने को मिला। शो का फाइनल रिजल्ट आना अभी बाकी है। उम्मीद है कि परिणाम अच्छा होगा। रत्निका ने बताया कि वे बेहतर गायक के रूप में ही अपना कॅरियर देखती हैं। रत्निका कश्रा 8वीं की छात्रा है। गायकी के साथ ही साथ वे पढ़ाई में भी काफी अच्छी है। रत्निका का स्वागत शहर के लोगों ने उत्साह के साथ किया। उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।










































